सिरसा में फर्जी शादी गिरोह का पर्दाफाश
HKRN ड्राइवर को ठगने वाले 3 बिचौलिए गिरफ्तार, पहले लुटेरी दुल्हन भी पकड़ी जा चुकी

सिरसा। हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के एक ड्राइवर को फर्जी शादी के नाम पर ठगने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में तीन और बिचौलियों को गिरफ्तार किया गया है, जो लोगों को झांसे में फंसाने का काम करते थे।
हिसार के रहने वाले तीन आरोपी काबू
शहर थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर संदीप सिंह के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोबिंद उर्फ सन्नी, नथुराम उर्फ नथु और अजाब सिंह उर्फ लेगा के रूप में हुई है। ये सभी हिसार जिले के रहने वाले हैं और लंबे समय से फरार चल रहे थे। इससे पहले गिरोह की सरगना और लुटेरी दुल्हन को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
भोले-भाले लोगों को बनाते थे निशाना
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह योजनाबद्ध तरीके से कुंवारे युवकों को शादी का झांसा देकर फंसाता था। आरोपी पहले रिश्ता तय करवाते, फिर नकदी और आभूषण लेकर फरार हो जाते थे। पुलिस को शक है कि इस गिरोह ने कई लोगों को इसी तरह ठगा है।
ऐसे रचा गया था पूरा प्लान
पुलिस जांच में सामने आया कि मध्य प्रदेश के छतरपुर की रहने वाली महिला, जो पहले से शादीशुदा थी, को इस गिरोह ने अपने साथ मिला लिया। हिसार में किराए पर रहने के दौरान उसकी मुलाकात अन्य आरोपियों से हुई और उन्होंने मिलकर फर्जी शादी के जरिए पैसे कमाने की साजिश रची।
डेढ़ लाख में तय हुई थी ‘डील’
गिरोह ने सिरसा के पंजुआना गांव के एक ड्राइवर को निशाना बनाया। सितंबर 2025 में उसे शादी का झांसा दिया गया और हिसार में उसकी सगाई करवाई गई। इसके बदले डेढ़ लाख रुपए और गहने लिए गए। बाद में महिला बहाना बनाकर उसके साथ रहने लगी और कुछ दिन बाद नकदी व जेवर लेकर फरार हो गई।
पुलिस कर रही गहन जांच
पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उन्होंने अब तक कितने लोगों को ठगा है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में जो भी आरोपी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



