जयपुर एयरपोर्ट पर पहली कोशिश में नहीं उतरी फ्लाइट
रनवे टच करने के बाद पायलट ने लिया गो-अराउंड, 7 मिनट बाद सुरक्षित लैंडिंग

जयपुर। Air India Express की बेंगलुरु से जयपुर आ रही फ्लाइट (IX-1494) मंगलवार को पहली कोशिश में लैंड नहीं कर पाई। विमान ने रनवे को टच किया, लेकिन पायलट को तुरंत गो-अराउंड करना पड़ा। करीब 7 मिनट बाद फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग करा ली गई।
एप्रोच अस्थिर होने पर लिया गया फैसला
जानकारी के अनुसार, फ्लाइट ने दोपहर करीब 12:35 बजे जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग के लिए एप्रोच किया था। विमान रनवे के काफी करीब पहुंच गया और टच भी किया, लेकिन एप्रोच पूरी तरह स्थिर नहीं होने के कारण पायलट ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए गो-अराउंड का निर्णय लिया।
क्या होता है गो-अराउंड?
एविएशन नियमों के अनुसार, यदि लैंडिंग के दौरान स्पीड, एंगल या अलाइनमेंट में गड़बड़ी हो, तो पायलट को गो-अराउंड करना अनिवार्य होता है। इस प्रक्रिया में विमान को दोबारा ऊंचाई पर ले जाकर सुरक्षित तरीके से फिर से लैंडिंग कराई जाती है।
एक्सपर्ट बोले- सामान्य सुरक्षा प्रक्रिया
एविएशन एक्सपर्ट्स के मुताबिक गो-अराउंड कोई असामान्य स्थिति नहीं है, बल्कि यह एक स्टैंडर्ड सेफ्टी प्रोटोकॉल है। पायलट का यह फैसला यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लिया गया, जिससे किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सका।




