Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
सोनीपत

सोनीपत में पैतृक जमीन को लेकर खूनी झड़प

लाठी-डंडे चले, महिलाओं से मारपीट; घटना के VIDEO आए सामने

हरियाणा के सोनीपत के गोहाना क्षेत्र में पैतृक जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे और ईंटें चलीं। महिलाओं के साथ मारपीट और घसीटने के आरोप भी लगे हैं। घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं।

“100 से ज्यादा लोगों ने किया हमला”

एकता कॉलोनी निवासी अशोक ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि 6 मई की सुबह करीब 100 से ज्यादा लोग उनके प्लॉट पर पहुंचे और जमीन को अपना बताने लगे।

अशोक के अनुसार विरोध करने पर आरोपियों ने हमला कर दिया। उन्होंने दावा किया कि महिलाओं के साथ अभद्रता की गई और कुछ लोगों ने उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाने की कोशिश भी की।

वीडियो में दिखी मारपीट और ईंटबाजी

वायरल वीडियो में कुछ युवक ट्रैक्टर-ट्रॉली में ईंटें भरते दिखाई दे रहे हैं। अन्य वीडियो में लोग डंडों और ईंटों से हमला करते नजर आ रहे हैं। एक महिला के साथ मारपीट के दृश्य भी कैमरे में कैद हुए हैं।

घटना के दौरान इलाके में भगदड़ जैसे हालात बन गए और लोग जान बचाकर भागते दिखाई दिए।

जमीन और निर्माण को लेकर विवाद

पीड़ित पक्ष का कहना है कि विवाद दादालाई (पैतृक) जमीन को लेकर है। परिवार का आरोप है कि दूसरे पक्ष ने पहले ही अपनी हिस्सेदारी बेच दी थी और अब उनकी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहा है।

शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जेसीबी मशीन से प्लॉट का गेट और चारदीवारी भी तोड़ी गई।

रिवॉल्वर दिखाने और धमकी देने का आरोप

अशोक ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने लाठी-डंडों के साथ रिवॉल्वर भी दिखाई और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत में कहा गया है कि कुछ लोगों ने रिवॉल्वर की बट से हमला भी किया।

कई लोग घायल, खानपुर PGI रेफर

घटना में अशोक, रोहताश और पूनम समेत कई लोग घायल हुए। सभी को पहले सरकारी अस्पताल गोहाना ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए खानपुर कलां स्थित बीपीएस मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

पुलिस बोली- कुछ आरोपों के सबूत नहीं मिले

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और वीडियो फुटेज भी खंगाली। पुलिस के अनुसार मारपीट और झगड़े की पुष्टि हुई है, लेकिन रिवॉल्वर लहराने, महिलाओं को गाड़ी में डालने और छेड़छाड़ जैसे कुछ गंभीर आरोपों के सबूत फिलहाल नहीं मिले हैं।

पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट और प्रारंभिक जांच के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!