भारत-न्यूजीलैंड सीरीज के टिकटों की रिकॉर्ड बिक्री, 48 घंटे में 26 हजार टिकट बिके
22 अक्टूबर से शुरू होगा 12 मैचों का दौरा, 5 टी-20, 5 वनडे और 2 टेस्ट खेलेगी भारतीय टीम

भारत के न्यूजीलैंड दौरे को लेकर क्रिकेट फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। न्यूजीलैंड क्रिकेट के अनुसार, टिकटों की प्री-सेल शुरू होने के पहले 48 घंटे में ही 26 हजार टिकट बिक गए। यह न्यूजीलैंड क्रिकेट की प्री-सेल में अब तक की रिकॉर्ड शुरुआती मांग है।
भारत का यह दौरा 22 अक्टूबर से 1 दिसंबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान दोनों टीमें कुल 12 मुकाबले खेलेंगी। इनमें 5 टी-20, 5 वनडे और 2 टेस्ट मैच शामिल हैं। मैचों की संख्या के लिहाज से यह न्यूजीलैंड की मेजबानी में भारत का अब तक का सबसे बड़ा मल्टी-फॉर्मेट दौरा होगा।
ईडन पार्क और हेगले ओवल के मैचों की सबसे ज्यादा डिमांड
ऑकलैंड के ईडन पार्क में होने वाले व्हाइट-बॉल मुकाबलों के टिकट सबसे तेजी से बिक रहे हैं। यहां सीरीज का चौथा टी-20 और पहला वनडे खेला जाएगा।
क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में भी टिकटों की भारी मांग है। यहां 22 और 24 अक्टूबर को शुरुआती दो टी-20 मुकाबले खेले जाएंगे। इसी मैदान पर दौरे का दूसरा टेस्ट 27 नवंबर से 1 दिसंबर तक होगा।
वेलिंगटन में भी फैंस में खास उत्साह
वेलिंगटन के हेनरी स्टेडियम में तीसरा टी-20 और दूसरा वनडे खेला जाएगा। वहीं, भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट सेलो बेसिन रिजर्व में 19 नवंबर से शुरू होगा।
7 सितंबर से आम दर्शकों के लिए टिकट
क्रिकेट नेशन की मेंबर सेल के बाद आम दर्शकों के लिए टिकट बिक्री 7 सितंबर से शुरू होगी। क्रिकेट नेशन के लिए साइन अप करने वाले फैंस को प्री-सेल में टिकट खरीदने का मौका मिलेगा और उन्हें 15% की छूट भी दी जाएगी।
6 साल बाद न्यूजीलैंड में टेस्ट सीरीज खेलेगा भारत
भारतीय टीम करीब छह साल बाद न्यूजीलैंड में टेस्ट सीरीज खेलेगी। इससे पहले भारत ने 2019-20 में न्यूजीलैंड का टेस्ट दौरा किया था। इस बार दोनों टेस्ट मुकाबले वेलिंगटन और क्राइस्टचर्च में खेले जाएंगे।
वनडे सीरीज भी भारतीय टीम के लिए अहम होगी, क्योंकि यह अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों का हिस्सा होगी।


