छत्तीसगढ़ में बारिश बनी आफत: मैनपाट में नदी में बहा युवक, कोरबा में घरों-दुकानों में घुसा पानी
मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी किया, कई इलाकों में जलभराव और मलबे से सड़कें बंद; नदी-नालों के तेज बहाव में कई वाहन फंसे

छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच कई जिलों में हालात बिगड़ने लगे हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले 5 दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी किया है और आज से बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना जताई है। इस दौरान कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। इस बीच सरगुजा के मैनपाट में घुनघुट्टा नदी के तेज बहाव में बाइक समेत बह गए केरल निवासी युवक का शव रविवार सुबह करीब 3 किलोमीटर दूर नदी किनारे बरामद किया गया। युवक एक युवती के साथ रायपुर से मैनपाट घूमने आया था। दोनों नदी के तेज बहाव में बह गए थे। आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे एक व्यक्ति ने रस्सी की मदद से युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन युवक को नहीं बचाया जा सका। वहीं कोरबा में दादर नाला उफान पर आने से शनिवार सुबह नाला पार कर रही स्कॉर्पियो पानी के तेज बहाव में फंसकर डूब गई। वाहन में सवार तीन दोस्तों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई और करीब आधे घंटे बाद गाड़ी को भी बाहर निकाल लिया गया। कनकी-सर्वमंगला मुख्य मार्ग पर एसईसीएल कुसमुंडा की डंपिंग का मलबा बहकर सड़क पर आ गया, जिससे पूरा रास्ता मिट्टी और कीचड़ से भर गया। इस दौरान एक कार और यात्री बस मलबे में फंस गई। कार लगभग पूरी तरह मिट्टी में दब गई, जबकि बस के पहिए फंस गए। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। कोरबा के कई इलाकों में भारी बारिश के बाद जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली। अमरैया पारा, चिमनी भट्ठा और शारदा विहार अटल आवास सहित कई स्थानों पर घरों और दुकानों में पानी घुस गया। शारदा विहार अटल आवास में 12 से ज्यादा घरों में जलभराव की सूचना है। लगातार बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से प्रशासन और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। मौसम विभाग की चेतावनी के बीच लोगों से नदी, नाले और जलभराव वाले रास्तों से दूरी बनाए रखने तथा तेज बहाव के दौरान जोखिम न उठाने की अपील की जा रही है।




