ग्वालियर की पंचायतों में आज से विशेष शिविर, अधिकारी सुनेंगे किसानों की समस्याएं
20 अगस्त से 15 सितंबर तक पंचायत स्तर पर लगेंगे शिविर; फार्मर ID, जमीन रिकॉर्ड, पैक्स सदस्यता, KCC और अग्रिम खाद की सुविधा एक ही जगह मिलेगी

ग्वालियर। रबी सीजन 2026-27 की तैयारियों को लेकर ग्वालियर जिला प्रशासन ने 20 अगस्त से 15 सितंबर तक विशेष अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। ‘एग्रीस्टेक पंजीयन, पैक्स सदस्यता एवं अग्रिम उर्वरक उठाव अभियान’ के तहत ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे।
इन शिविरों में किसानों को अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय एक ही स्थान पर कई कृषि संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। कलेक्टर रुचिका चौहान ने कृषि, राजस्व, सहकारिता और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों को अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए हैं।
फार्मर ID और जमीन रिकॉर्ड में होगा सुधार
अभियान में उन किसानों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिनकी फार्मर ID नहीं बनी है या जिनके सर्वे नंबर और भूमि खाते फार्मर ID से लिंक नहीं हैं।
संबंधित पटवारी ऐसे किसानों की सूची शिविर में उपलब्ध कराएंगे। इसके बाद नए पंजीयन और जमीन से जुड़े रिकॉर्ड में आवश्यक सुधार की प्रक्रिया मौके पर ही पूरी की जाएगी।
पैक्स सदस्यता के साथ KCC की सुविधा
शिविरों में किसानों को प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों यानी पैक्स से जोड़ने का काम भी किया जाएगा। पात्र किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ खेती के लिए शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण की जानकारी और प्रक्रिया भी बताई जाएगी।
इसके अलावा रबी सीजन के लिए अग्रिम उर्वरक उठाव की व्यवस्था की जाएगी, जिससे किसानों को सीजन के दौरान खाद की कमी का सामना न करना पड़े।
ई-टोकन का लाइव डेमो
उर्वरक वितरण को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए शिविरों में ई-विकास और ई-टोकन प्रणाली का लाइव डेमो दिया जाएगा। कृषि अधिकारी किसानों को मोबाइल या डिजिटल माध्यम से ई-टोकन जनरेट करने की प्रक्रिया समझाएंगे।
इस व्यवस्था का उद्देश्य खाद वितरण केंद्रों पर भीड़ और अव्यवस्था को कम करना है।
मृदा स्वास्थ्य के आधार पर खाद की सलाह
शिविरों में किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड के आधार पर फसल के लिए आवश्यक उर्वरक और उसकी सही मात्रा की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ जैविक खेती, उन्नत बीजों के चयन और दलहन-तिलहन का रकबा बढ़ाने से जुड़े वैज्ञानिक तरीकों की जानकारी भी किसानों को दी जाएगी।
प्रशासन ने किसानों से शिविरों में पहुंचने की अपील की
जिला प्रशासन ने किसानों से अपनी ग्राम पंचायत में आयोजित विशेष शिविरों में पहुंचकर फार्मर ID का सत्यापन, जमीन रिकॉर्ड का सुधार, पैक्स सदस्यता, KCC और रबी सीजन के लिए अग्रिम खाद से संबंधित सुविधाओं का लाभ लेने की अपील की है।
प्रशासन का उद्देश्य किसानों को एक ही स्थान पर अधिक से अधिक कृषि सुविधाएं उपलब्ध कराकर उनका समय और मेहनत बचाना है।




