Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
ग्वालियर

एटीएम में लूट की नाकाम कोशिश: नशे में आरोपी ने दो मशीनों से की छेड़छाड़, CCTV से पकड़ा गया

SBI और BOB के एटीएम में लोअर गेट खोलकर तोड़फोड़, 100 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगालकर पुलिस ने कलारी के पास से आरोपी को दबोचा

ग्वालियर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र में एटीएम लूट की नाकाम कोशिश का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आनंद नगर तिराहे पर शनिवार देर रात आरोपी ने एक ही रात में SBI और बैंक ऑफ बड़ौदा के दो एटीएम को निशाना बनाया और दोनों मशीनों के निचले हिस्से के लोअर गेट से छेड़छाड़ कर लूट की कोशिश की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और इलाके में लगे 100 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में संदिग्ध युवक की पहचान होने के बाद मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घासमंडी निवासी मनोज पाल (26) को कलारी के पास शराब पीते हुए पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी नशे का आदी है और वारदात के समय भी नशे में था। पूछताछ में उसने दोनों एटीएम में तोड़फोड़ करने की बात स्वीकार की। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे लगा था कि एटीएम मशीन में काफी पैसा होगा और लूट के प्रयास में उसे कुछ रकम मिल जाएगी, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। मामले की जानकारी एटीएम की देखरेख करने वाली कंपनी के कर्मचारी दीपक शर्मा को SBI के मुंबई हेडक्वार्टर से मिली थी। शनिवार रात करीब 2:15 बजे सूचना मिलने के बाद दीपक शर्मा मौके पर पहुंचे तो दोनों एटीएम मशीनों के लोअर गेट खुले हुए मिले और उनमें छेड़छाड़ की गई थी। इसके बाद बहोड़ापुर पुलिस को शिकायत दी गई और पुलिस ने BNS की धारा 305(ए) और 62 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गठित टीम ने CCTV फुटेज के जरिए आरोपी का हुलिया खंगाला और अलग-अलग स्थानों के कैमरों की रिकॉर्डिंग को जोड़कर उसकी पहचान तक पहुंची। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मनोज पाल को हिरासत में लिया। पुलिस अब आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर रही है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड तथा इस वारदात के पीछे की पूरी कहानी का पता लगाने का प्रयास कर रही है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपी को वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर पकड़ लिया गया और एटीएम से नकदी चोरी होने से बच गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!