हरियाणा के 3 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट, 21 अगस्त से फिर बढ़ेगी मानसून की रफ्तार
साइक्लोनिक सरकुलेशन से बदलेगा मौसम; उत्तरी जिलों में तेज बारिश के आसार, हिसार 37.5°C के साथ सबसे गर्म

हिसार। मानसून टर्फ की उत्तरी सीमा और उत्तरी हरियाणा के ऊपर बनने वाले साइक्लोनिक सरकुलेशन के कारण प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के अनुसार 17 अगस्त की रात से मौसम में बदलाव शुरू होने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक 20 अगस्त तक प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहने और बारिश होने के आसार हैं। पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तरी हरियाणा में तेज बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में तेज बारिश हो सकती है। वहीं सोनीपत, पानीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह, पलवल, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी में कुछ स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है।
21 अगस्त से फिर सक्रिय होगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार 19 और 20 अगस्त को बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आ सकती है। इस दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम या छिटपुट बारिश होने की संभावना है।
इसके बाद 21 अगस्त से मानसून फिर रफ्तार पकड़ सकता है। 21 अगस्त को उत्तरी, मध्य और दक्षिणी हरियाणा के कई जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह, पलवल, अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर समेत कई जिलों में तेज बारिश के आसार हैं।
हरियाणा के ऊपर बनेगा साइक्लोनिक सरकुलेशन
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार मानसून टर्फ की उत्तरी सीमा अमृतसर, लुधियाना, मुरादाबाद, लखनऊ, वाराणसी और उत्तर ओडिशा होते हुए उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है।
इसके साथ ही उत्तरी हरियाणा के ऊपर साइक्लोनिक सरकुलेशन बनने की संभावना है। इससे मानसूनी हवाओं की सक्रियता बढ़ेगी। 17 से 20 अगस्त के दौरान विशेषकर उत्तरी जिलों में हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पश्चिमी और दक्षिणी हरियाणा में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है।
हिसार सबसे गर्म, भिवानी में सबसे कम न्यूनतम तापमान
प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास दर्ज किया गया। हिसार में सबसे अधिक 37.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। फरीदाबाद में 36.7, नूंह और पलवल में 36.2, भिवानी में 36.0, नारनौल में 35.5 और रोहतक में 35.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
न्यूनतम तापमान में औसतन 0.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। भिवानी में सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस रहा। करनाल में 24.2 और नारनौल में 24.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ।
वहीं नूंह में 28.3, गुरुग्राम में 28.0 और रोहतक में 27.8 डिग्री सेल्सियस के साथ रात का तापमान सबसे अधिक रहा।
किसानों और आम लोगों के लिए राहत की उम्मीद
आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने से जहां गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं तेज बारिश वाले जिलों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की स्थिति भी बन सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है।




