हिसार में जीवन कुंडू का आज अंतिम संस्कार, गांव किनाला में जुटी भीड़
हत्या के 15 दिन बाद अंतिम विदाई; खाप प्रतिनिधि, किसान नेता और ग्रामीण श्रद्धांजलि देने पहुंचे, 11 वर्षीय बेटा निभाएगा अंतिम संस्कार की रस्म

हिसार। जीवन कुंडू की हत्या के 15 दिन बाद मंगलवार को गांव किनाला में उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा। अग्रोहा मेडिकल कॉलेज से एंबुलेंस के जरिए जीवन का शव गांव लाया गया है। अंतिम संस्कार की रस्म उसका 11 वर्षीय बेटा निभाएगा।
जीवन के घर के बाहर सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। खाप पंचायतों के प्रतिनिधि, किसान नेता और ग्रामीण परिवार को सांत्वना देने और श्रद्धांजलि देने पहुंच रहे हैं। शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में जीवन के माता-पिता, पत्नी और एक बेटा है।
मांगें माने जाने के बाद हुआ अंतिम संस्कार
4 अगस्त को जीवन की हत्या के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी और परिवार को न्याय दिलाने के लिए जीवन कुंडू संघर्ष समिति का गठन किया गया था। समिति की ओर से परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने और मुख्य आरोपी रमेश शर्मा की गिरफ्तारी समेत कई मांगें उठाई गई थीं।
सोमवार को सरकार ने संघर्ष समिति की मांगें मान लीं। इसके बाद 15 अगस्त की हिंसा के मामले में गिरफ्तार 10 किसान नेताओं को गुरुग्राम की भोंडसी जेल से रिहा कर दिया गया।
9 आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी पर 50 हजार का इनाम
हिसार पुलिस के अनुसार, मामले में अब तक भानु कुमार, गजेंद्र उर्फ गज्जू पंडित और साहिल समेत 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मुख्य आरोपी रमेश शर्मा अभी फरार है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
SP सिद्धांत जैन के मुताबिक, मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 10 टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। उसके देश से बाहर भागने की आशंका को देखते हुए लुकआउट सर्कुलर भी जारी किया गया है।
पुलिस ने पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराई है। परिवार के पुनर्वास के लिए रोजगार से संबंधित आवेदन भी कराया गया है।
4 अगस्त को हुआ था हमला
4 अगस्त की सुबह करीब साढ़े 5 बजे सूर्यनगर इलाके में जीवन कुंडू पर पड़ोसियों ने हमला किया था। बताया गया कि जीवन बाइक पर ट्रॉली लगाकर गोबर डालने जा रहा था। इसी दौरान करीब 10-12 युवकों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल जीवन बेहोश हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मौत से पहले का वीडियो भी सामने आया था
घटना के बाद जीवन का मौत से पहले का करीब 1 मिनट 12 सेकेंड का वीडियो सामने आया था। वीडियो में उसके पैरों पर गंभीर चोटों के निशान दिखाई दे रहे थे।
वीडियो में जीवन ने पड़ोसी रमेश और उसके साथ कई युवकों पर हमला करने का आरोप लगाया था। उसने यह भी बताया था कि मारपीट में उसकी टांग टूट गई थी।
गोबर डालने को लेकर शुरू हुआ था विवाद
बताया गया कि सूर्यनगर की गली नंबर-5 में जीवन की डेयरी थी। करीब डेढ़ महीने पहले गोबर डालने को लेकर उसका पड़ोसी रमेश से विवाद हुआ था। जीवन रोजाना गोबर रेलवे लाइन के पास डालने जाता था।
इसके बाद डेयरी में खोर बनाने को लेकर भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। आरोप है कि इस दौरान रमेश पक्ष के लोगों ने जीवन की पत्नी अमन पर बरछी से हमला किया था। इस मामले में पुलिस ने रमेश के खिलाफ केस दर्ज किया था।
अब जीवन के अंतिम संस्कार के दौरान गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान नेता और खाप प्रतिनिधि मौजूद हैं। पुलिस की ओर से भी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।




