Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
रांची

झारखंड में सरकार-छात्रों के बीच आज चौथे दौर की बातचीत

PSC-JSSC परीक्षा रद्द करने और CBI जांच की मांग; 15 दिन से अनशन पर देवेंद्रनाथ महतो, 20 अगस्त को CM हाउस घेराव की चेतावनी

रांची। झारखंड में PSC-JSSC परीक्षाओं को रद्द करने और कथित अनियमितताओं की CBI जांच की मांग को लेकर चल रहा छात्र आंदोलन सोमवार को 24वें दिन भी जारी है। सरकार ने आंदोलन कर रहे छात्रों को आज दोपहर 2 बजे बातचीत के लिए बुलाया है। यह सरकार और छात्रों के बीच बातचीत का चौथा दौर होगा।

छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो पिछले 15 दिनों से अनशन पर हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सरकार बातचीत के दौरान छात्रों को संतुष्ट करने वाला निर्णय लेगी। यदि मांगों पर सकारात्मक फैसला नहीं हुआ तो आंदोलन जारी रहेगा।

परीक्षा रद्द और CBI जांच की मांग

देवेंद्रनाथ महतो ने कहा कि छात्रों की मांग केवल परीक्षा रद्द कराने या CBI जांच तक सीमित नहीं है। उनका कहना है कि ऐसी शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था तैयार होनी चाहिए, जिसमें भविष्य में किसी भी तरह की धांधली की गुंजाइश न रहे।

उन्होंने कहा कि परीक्षा रद्द होने और जांच होने से ही पूरी तस्वीर नहीं बदलेगी। छात्रों को न्याय दिलाने के लिए शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था को मजबूत करना जरूरी है।

भूख हड़ताल जारी रखने की चेतावनी

जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलन कर रहे छात्रों का कहना है कि लंबे समय से आंदोलन और भूख हड़ताल के बावजूद सरकार की ओर से अभी तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है।

छात्रों ने कहा कि जब तक मुख्यमंत्री या सरकार का कोई जिम्मेदार प्रतिनिधि CBI जांच की मांग को लेकर सकारात्मक पहल नहीं करता, तब तक भूख हड़ताल खत्म नहीं की जाएगी।

20 अगस्त को CM हाउस घेरने की चेतावनी

आंदोलनकारी छात्रों ने सरकार पर दबाव बढ़ाने के लिए 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास के घेराव की चेतावनी दी है। छात्रों का कहना है कि यदि सरकार बातचीत में उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लेती है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

CM सोरेन और राहुल गांधी का पुतला फूंका

आंदोलनकारी छात्रों ने रविवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला फूंका। छात्रों ने सरकार से उनकी मांगों पर तत्काल निर्णय लेने की मांग की।

वहीं आंदोलन कर रहे छात्रों से मिलने अभिनेत्री कुनिका भी पहुंचीं और उनके आंदोलन के बारे में जानकारी ली।

सरकार से गंभीरता से मांगें सुनने की अपील

हजारीबाग से आंदोलन का नेतृत्व कर रहे रूपेश कुमार ने कहा कि सरकार को छात्रों की मांगों को गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्र लंबे समय से शांतिपूर्ण तरीके से सड़क पर अपनी मांग उठा रहे हैं और अब सरकार की सकारात्मक पहल का इंतजार है।

छात्र नेताओं का कहना है कि आज होने वाली चौथे दौर की बातचीत से उन्हें काफी उम्मीदें हैं। यदि बातचीत में कोई ठोस समाधान नहीं निकलता है तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

हमारे मठ | हम बोलते हैं सच, बिना डर
वेबसाइट: bhagwahindustan.in
RNI No.: HARHIN/2023/90591

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!