कंडक्टर हत्याकांड का खुलासा: पुराने झगड़े की रंजिश में किया था मर्डर, एक आरोपी गिरफ्तार; दूसरे की तलाश जारी
23 अगस्त की रात बस स्टैंड के पीछे हुई थी वारदात; पुलिस ने संगरूर से दीपक अरोड़ा को पकड़ा, मुख्य आरोपी मनप्रीत सिंह मनी की गिरफ्तारी बाकी

बठिंडा। बस स्टैंड की बैक साइड में 23 अगस्त की रात प्राइवेट बस के कंडक्टर की हत्या के मामले को थाना कोतवाली पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि वारदात में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक अरोड़ा उर्फ चिट्टा निवासी लहर मोहब्बत के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसकी उम्र करीब 33 वर्ष है और उसके खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।
डीएसपी सिटी-1 अमृतपाल सिंह भाटी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मामले की जांच के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई थीं। मानवीय और तकनीकी स्रोतों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को आरोपियों के बारे में सुराग मिला। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 27 अगस्त को दीपक अरोड़ा को संगरूर से गिरफ्तार कर लिया।
झगड़े के बाद कंडक्टर पर किया हमला
पुलिस के मुताबिक 23 अगस्त की शाम करीब 8 बजे बलजिंदर सिंह (26), निवासी चुग्घे कलां, बठिंडा, बस स्टैंड की बैक साइड में मौजूद था। वह एक प्राइवेट बस में कंडक्टर के तौर पर काम करता था।
इसी दौरान दो युवकों का बलजिंदर सिंह के साथ झगड़ा हो गया। आरोप है कि दोनों युवकों ने मिलकर बलजिंदर के साथ मारपीट की। इसी दौरान पगड़ीधारी युवक ने उसके पेट में किरच घोंप दी और दोनों मौके से फरार हो गए।
गंभीर हालत में बलजिंदर को उसके साथियों ने सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
भाई के बयान पर दर्ज हुआ केस
घटना के बाद मृतक के भाई के बयान पर थाना कोतवाली पुलिस ने 24 अगस्त को मुकदमा नंबर 176 दर्ज किया। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 3(5) के तहत कार्रवाई शुरू की।
डीएसपी ने बताया कि एसएचओ कोतवाली की टीम ने कुछ ही घंटों में आरोपियों की पहचान कर ली थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दीपक अरोड़ा को संगरूर से गिरफ्तार किया।
पुराने झगड़े की रंजिश में हत्या का आरोप
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी दीपक अरोड़ा ने बताया कि मृतक बलजिंदर सिंह का कुछ समय पहले मनप्रीत सिंह मनी के साथ झगड़ा हुआ था। पुलिस के अनुसार इसी पुराने झगड़े की रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया।
फिलहाल पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी मनप्रीत सिंह मनी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों की ओर से तलाश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दूसरे आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।




