Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
jaipurrajasthan

राजस्थान में मानसून कमजोर, 12 जिलों में बारिश का अलर्ट

अलवर-दौसा में बरसात से सड़कों पर पानी भरा, बच्चों को पानी के बीच से स्कूल जाना पड़ा; जयपुर में गर्मी बढ़ी

जयपुर। राजस्थान में मानसून की गतिविधियां अब कमजोर पड़ने लगी हैं। सोमवार सुबह अलवर और दौसा के कई इलाकों में बारिश हुई। अलवर के बहादुरपुर में सड़क पर पानी भर जाने के कारण स्कूली बच्चों को पानी के बीच से होकर स्कूल जाना पड़ा। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 12 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार 26-27 अगस्त से प्रदेश में मानसून के और कमजोर होने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के साथ पूर्वी हिस्सों में भी मौसम मुख्य रूप से शुष्क रह सकता है। हालांकि कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ जिलों में 25 से 27 अगस्त के बीच हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

अलवर में 75 MM तक बारिश

पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, अलवर, धौलपुर और करौली जिलों में शनिवार शाम से शुरू हुआ बारिश का दौर रविवार तक जारी रहा। अलवर के लक्ष्मणगढ़ में करीब 75 MM बारिश दर्ज की गई। कठूमर में 57 MM, रैणी में 45 MM और राजगढ़ में 39 MM बारिश हुई।

धौलपुर के बसेड़ी में बारिश के कारण एक कच्चा मकान गिर गया। राजाखेड़ा और सैंपऊ में 6-6 MM, बसेड़ी में 4 MM तथा बसई नवाब क्षेत्र में 16 MM बारिश दर्ज की गई।

जयपुर में जैसलमेर-बाड़मेर से ज्यादा गर्मी

बारिश की गतिविधियां कमजोर होने के कारण जयपुर में गर्मी और उमस बढ़ गई है। रविवार को जयपुर का अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर, बाड़मेर और जोधपुर में तापमान 35 डिग्री से नीचे रहा, जबकि पूर्वी राजस्थान के जयपुर, सीकर, पिलानी, टोंक और फतेहपुर जैसे इलाकों में तापमान 35 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया।

39 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दक्षिण-पश्चिमी हवाओं का प्रभाव है। जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश क्षेत्रों में आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

सीमावर्ती इलाकों में तापमान बढ़ सकता है और कुछ शहरों में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान में भी मानसून की गतिविधियां कमजोर रहने का अनुमान है।

इन जिलों में बारिश की संभावना

अगले कुछ दिनों में कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

प्रमुख शहरों का तापमान

  • जयपुर: अधिकतम 35.6°, न्यूनतम 27.4°
  • कोटा: अधिकतम 34.4°, न्यूनतम 26°
  • सीकर: अधिकतम 36°, न्यूनतम 24.4°
  • अजमेर: अधिकतम 33°, न्यूनतम 23.4°
  • उदयपुर: अधिकतम 31.6°
  • जोधपुर: अधिकतम 33.6°, न्यूनतम 26.8°
  • अलवर: अधिकतम 34.8°, न्यूनतम 25.6°

श्रीगंगानगर सबसे गर्म

रविवार को राजस्थान में सबसे अधिक अधिकतम तापमान श्रीगंगानगर में 38.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!