गोल बाजार में सालभर बाद जली स्ट्रीट लाइट: माचेड़ा में भी खराब लाइट ठीक, पूर्व पार्षद नीरज अग्रवाल बने ‘पब्लिक के स्टार’
‘भास्कर समाधान’ पर शिकायत के बाद दोनों इलाकों में हुआ काम; शहर के कई हिस्सों में अब भी कचरा, जलभराव और झाड़ियों की समस्या बरकरार

जयपुर। शहर में लोगों की रोजमर्रा की समस्याओं को सामने लाने वाले ‘भास्कर समाधान’ के जरिए कई शिकायतें सामने आई हैं। इनमें कुछ समस्याओं का समाधान भी किया गया है। हरमाड़ा के माचेड़ा और जवाहर नगर के गोल बाजार में लंबे समय से बंद स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कर दिया गया है।
माचेड़ा में बंद लाइट हुई ठीक
हरमाड़ा क्षेत्र के माचेड़ा स्ट्रीट नंबर 5 में रहने वाले दीपक ने सड़क की लाइट बंद होने की शिकायत पोस्ट की थी। लाइट खराब होने के कारण रात में घरों के बाहर अंधेरा रहता था।
शिकायत सामने आने के बाद संबंधित विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर लाइट को ठीक कर दिया। इससे स्थानीय लोगों को राहत मिली।
गोल बाजार में सालभर बाद रोशनी
जवाहर नगर के गोल बाजार में बंद स्ट्रीट लाइटों की समस्या भी लंबे समय से बनी हुई थी। स्थानीय निवासी नदीम कुरेशी ने बताया कि करीब एक साल से ज्यादा समय से बाजार की रोड लाइट और कई अन्य लाइटें बंद थीं।
शिकायत सामने आने के बाद पूर्व पार्षद नीरज अग्रवाल ने मामले में कार्रवाई करवाई। टीम को मौके पर भेजकर बंद लाइटों को दुरुस्त कराया गया।
नीरज अग्रवाल बने ‘पब्लिक के स्टार’
गोल बाजार की समस्या के समाधान के बाद स्थानीय लोगों को राहत मिली। शिकायतकर्ता नदीम की समस्या पर कार्रवाई कराने के कारण पूर्व पार्षद नीरज अग्रवाल को ‘पब्लिक के स्टार’ के रूप में सराहा गया।
कई इलाकों में समस्याएं अभी बाकी
जयपुर के अन्य इलाकों से भी नागरिकों ने समस्याएं बताई हैं। हीरावाला की रजनी विहार कॉलोनी में सड़क किनारे कचरा जमा होने की शिकायत है। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।
टोंक फाटक पर बारिश के दौरान जलभराव से लोगों को परेशानी होती है। वहीं नारायण विहार में नियमित कचरा गाड़ी नहीं आने की शिकायत सामने आई है।
इसके अलावा कोटकासिम-लाडपुर रोड पर सड़क किनारे उगी झाड़ियों के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को दुर्घटना का डर बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि झाड़ियों के कारण वन्यजीवों के अचानक सड़क पर आने का खतरा भी रहता है।




