सिरसा की पार्लर संचालिका ने की लव मैरिज, दो दिन पहले हुई थी लापता; दिल्ली कोर्ट में शादी के बाद वीडियो वायरल
ऐलनाबाद की 23 वर्षीय युवती 19 अगस्त को हुई थी लापता; दिल्ली में प्रेमी के साथ कोर्ट मैरिज के बाद वीडियो जारी कर परिवार से सुरक्षा की चिंता जताई

सिरसा। ऐलनाबाद की 23 वर्षीय पार्लर संचालिका जसवीर कौर के लापता होने के मामले में नया मोड़ सामने आया है। युवती ने अपने प्रेमी के साथ दिल्ली पहुंचकर कोर्ट में शादी कर ली है। शादी के बाद दोनों ने एक वीडियो जारी किया, जिसमें युवती ने कहा कि उसे अब अपने परिजनों से जान का खतरा है।
जसवीर कौर ऐलनाबाद के वार्ड नंबर 7 की रहने वाली है और देवीलाल चौक के पास ब्यूटी पार्लर संचालित करती है। बताया जा रहा है कि वह ऐलनाबाद के ही एक युवक के संपर्क में थी और दोनों के बीच पिछले काफी समय से बातचीत होती थी।
दो दिन पहले घर से हुई थी लापता
पुलिस के अनुसार, जसवीर कौर 18 अगस्त की रात अपने घर पर थी। खाना खाने के बाद वह सो गई थी और परिवार के सदस्य भी सो गए। 19 अगस्त की सुबह परिजनों ने देखा तो वह घर पर नहीं मिली।
परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद युवती के भाई ने ऐलनाबाद थाना पुलिस को शिकायत दी।
पहले सिरसा और फिर दिल्ली पहुंची
पुलिस के अनुसार, युवती अपने प्रेमी के साथ पहले सिरसा पहुंची और वहां से दोनों दिल्ली के लिए रवाना हुए। दिल्ली में दोनों ने कोर्ट में शादी कर ली।
शादी के बाद सामने आए वीडियो में युवती ने बताया कि दोनों रात में दिल्ली पहुंचे थे और उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। उसने यह भी कहा कि अब उसे अपने परिवार से खतरा है।
पुलिस ने दर्ज की थी मिसिंग की FIR
ऐलनाबाद थाना प्रभारी प्रगट सिंह के अनुसार, युवती के भाई की शिकायत पर 20 अगस्त को मिसिंग की एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस को अब युवती की शादी के बारे में जानकारी मिली है और वीडियो भी सामने आया है। पुलिस का कहना है कि युवती के संबंध में परिजनों को जानकारी दी जाएगी। मामले में दर्ज मिसिंग मुकदमे को समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
युवक की पहचान की जानकारी जुटा रही पुलिस
पुलिस के मुताबिक, युवती के साथ शादी करने वाले युवक के बारे में फिलहाल पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। परिजनों ने भी शिकायत के समय किसी व्यक्ति पर संदेह या आरोप नहीं लगाया था।
पुलिस मामले में उपलब्ध जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।



