Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
देश

सिरसा में हर घर तिरंगा प्रदर्शनी का अवलोकन, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों की बैठक

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों की बैठक

सिरसा, 11 अगस्त। हर घर तिरंगा अभियान के तहत लघु सचिवालय परिसर स्थित सरल केंद्र में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी युवा पीढ़ी के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक साबित हो रही है। मंगलवार को हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड के चेयरमैन रोहताश जांगड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह एडवोकेट सहित अन्य गणमान्य लोगों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और ‘सेल्फी विद तिरंगा’ प्वाइंट पर सेल्फी लेकर अभियान में भागीदारी की। चेयरमैन रोहताश जांगड़ा ने कहा कि प्रदर्शनी में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के इतिहास और वंदे मातरम् से जुड़े महत्वपूर्ण ऐतिहासिक तथ्यों को विस्तार से प्रस्तुत किया गया है, जिससे विशेषकर युवाओं को देश के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी मिलती है। उन्होंने जिलावासियों से आह्वान किया कि वे हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें, तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी पोर्टल पर अपलोड करें और ई-सर्टिफिकेट प्राप्त करें। भाजपा जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह एडवोकेट ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल राष्ट्रीय पर्व तक सीमित गतिविधि नहीं है, बल्कि यह नागरिकों में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय गौरव की भावना को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। प्रदर्शनी के जरिए आमजन को तिरंगे के इतिहास, महत्व और गौरव की जानकारी दी जा रही है। इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता अंबर मेहता, हनुमान कुंड्डु, डॉ. गंगा सागर केहरवाला और वीरेंद्र टिन्ना भी मौजूद रहे। वहीं दूसरी ओर रानियां विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल के निर्देशानुसार सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं तहसीलदार रानियां शुभम शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया और निर्धारित समय-सारणी की जानकारी दी गई। अधिकारियों के अनुसार प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 31 जुलाई 2026 को किया जा चुका है और इस पर दावे एवं आपत्तियां 31 जुलाई से 30 अगस्त तक प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निपटारा 28 सितंबर तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 3 अक्टूबर को किया जाएगा। प्रशासन ने पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम जांचने तथा किसी भी त्रुटि की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा या आपत्ति प्रस्तुत करने की अपील की है। राजनीतिक दलों के बीएलए-1, बीएलए-2 और अन्य प्रतिनिधियों से बूथ लेवल अधिकारियों को सहयोग देने तथा पात्र नागरिकों को SIR प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया। प्रशासन के अनुसार इस विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। मतदाता सूची से संबंधित जानकारी और समस्याओं के समाधान के लिए हेल्प डेस्क भी स्थापित किया गया है, जहां नागरिक 01666-297467 पर सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक संपर्क कर सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!