10 साल की बच्ची की हत्या: खेत में खून से लथपथ मिली लाश, गले में हसुआ घुसा था; दुष्कर्म के आरोप की जांच जारी
बेलछी के लाखाचक गांव में घर से 500 मीटर दूर खेत में मिला शव; आरोपी हिरासत में, हत्या की बात स्वीकारने का पुलिस का दावा, दुष्कर्म के आरोप की मेडिकल जांच जारी

पटना। बाढ़ अनुमंडल के बेलछी थाना क्षेत्र के लाखाचक गांव में 10 साल की बच्ची की हत्या का मामला सामने आया है। बच्ची का शव घर से करीब 500 मीटर दूर खेत में मिला। परिजनों ने गांव के एक व्यक्ति पर बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या करने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने आरोपी कामो सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की है, लेकिन दुष्कर्म के आरोप से इनकार किया है। पुलिस अब मामले में वैज्ञानिक और चिकित्सकीय साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच कर रही है।
शाम को घास काटने खेत गई थी बच्ची
परिजनों के अनुसार, बच्ची शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे स्कूल गई थी। दोपहर में मध्याह्न भोजन के बाद वह घर लौट आई। शाम करीब 4:30 बजे वह हसुआ लेकर घास काटने खेत की ओर गई थी।
काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खेत में बच्ची बेसुध और खून से लथपथ मिली। उसके गले में हसुआ घुसा हुआ था। परिजन उसे तुरंत बाढ़ अनुमंडल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टर बोले- सांस की नली कटने से हुई मौत
बाढ़ अनुमंडल अस्पताल के डॉक्टर दिलीप कुमार के अनुसार, बच्ची के गले में करीब 10 इंच तक हसुआ घुसा हुआ था। शरीर पर कुछ खरोंच के निशान भी मिले।
डॉक्टर के मुताबिक, गले में गंभीर चोट के कारण मुख्य सांस की नली कट गई थी, जिससे बच्ची सांस नहीं ले सकी। पुलिस ने बच्ची के कपड़े सील कर दिए हैं और घटना में इस्तेमाल हसुआ भी बरामद किया गया है।
दुष्कर्म की पुष्टि पर मेडिकल बोर्ड करेगा जांच
डॉक्टर ने बताया कि बच्ची के शरीर पर जबरदस्ती किए जाने के संकेत मिले हैं, लेकिन दुष्कर्म के संबंध में अंतिम चिकित्सकीय राय अभी नहीं दी जा सकती।
मामले की विस्तृत जांच के लिए बाढ़ अनुमंडल अस्पताल में तीन सदस्यीय मेडिकल बोर्ड गठित किया गया है। बोर्ड की रिपोर्ट के आधार पर दुष्कर्म के आरोपों से जुड़े चिकित्सकीय तथ्यों की पुष्टि की जाएगी।
आरोपी हत्या की बात मानने का पुलिस का दावा
परिजनों ने पुलिस को दिए आवेदन में कामो सिंह पर दुष्कर्म के बाद बच्ची की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने हत्या करने की बात स्वीकार की, लेकिन दुष्कर्म के आरोप से इनकार किया है। पुलिस अब घटना से जुड़े वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा रही है।
बेलछी थानाध्यक्ष नवीन कुमार के अनुसार, आरोपी के व्यवहार और बच्ची के प्रति उसके कथित रवैये को लेकर ग्रामीणों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस जल्द चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी में
बाढ़ SDPO आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल हसुआ समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं। जांच में वैज्ञानिक साक्ष्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच जल्द पूरी कर आरोप पत्र अदालत में दाखिल करने और मामले को स्पीडी ट्रायल के लिए आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
घटना के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम की
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बच्ची का शव सड़क पर रखकर NH-30A पर कई घंटे तक यातायात बाधित किया। ग्रामीण निष्पक्ष जांच, आरोपी की गिरफ्तारी और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग कर रहे थे।
बच्ची के स्कूल शिक्षकों के अनुसार वह नियमित रूप से स्कूल आती थी और पढ़ाई में अच्छी थी। परिजनों के मुताबिक, पांच भाई-बहनों में वह तीसरे नंबर पर थी और पढ़ाई के साथ घर के काम में भी सहयोग करती थी।




