jaipur

आज 4 जिलों में बारिश का अलर्ट, पारा 40 पार: मानसून कमजोर, अब तक 21% कम बारिश

राजस्थान में मानसून की विदाई शुरू; अगले 4-5 दिन मौसम साफ रहने का अनुमान, जैसलमेर में तापमान 40 डिग्री के पार

जयपुर। राजस्थान में मानसून की विदाई का दौर शुरू हो गया है और बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने लगी हैं। आज प्रदेश के केवल 4 जिलों में बारिश का अलर्ट है। रविवार को अधिकांश इलाकों में मौसम साफ रहा। पश्चिमी राजस्थान में पाकिस्तान सीमा से सटे क्षेत्रों और उदयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्के बादल छाए रहे, जबकि चित्तौड़गढ़ के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई।

मानसून कमजोर रहने के कारण प्रदेश में अब तक सामान्य से 21 फीसदी कम बारिश दर्ज हुई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 4-5 दिन प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है।

कुछ जिलों में हुई हल्की बारिश

रविवार को उदयपुर, चित्तौड़गढ़ और भरतपुर समेत कुछ इलाकों में दोपहर बाद बादल छाए और हल्की बारिश हुई। चित्तौड़गढ़ के कपासन में 13 मिमी, डूंगला में 3 मिमी, भरतपुर के भुसावर में 3 मिमी, उदयपुर के भींडर में 5 मिमी और कानोड़ में 4 मिमी बारिश दर्ज हुई।

जोधपुर में 4.5 मिमी और बारां के शाहबाद में 8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

सितंबर में भी गर्मी का असर

कम बारिश के बीच सितंबर में भी गर्मी का असर बना हुआ है। पिछले 24 घंटे में जैसलमेर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। वहीं बाड़मेर में अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री दर्ज हुआ।

जयपुर, अजमेर, भरतपुर और कोटा संभाग के ज्यादातर इलाकों में दिनभर धूप रही और तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई।

प्रमुख शहरों में ऐसा रहा मौसम

जयपुर: दिनभर मौसम साफ रहा और अधिकांश समय धूप रही। कुछ स्थानों पर छितराए बादलों से गर्मी थोड़ी नियंत्रित रही। अधिकतम तापमान 33.6 और न्यूनतम 24.2 डिग्री रहा।

कोटा: पूरे दिन धूप रही। बारिश का अलर्ट होने के बावजूद बारिश नहीं हुई। अधिकतम तापमान 32.7 और न्यूनतम 24.2 डिग्री दर्ज हुआ। सीजन में अब तक 439.1 मिमी बारिश दर्ज की गई।

अलवर: सुबह से शाम तक मौसम साफ रहा। उमस भरी गर्मी का असर रहा। अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री दर्ज हुआ।

जोधपुर: शाम को कई इलाकों में आंधी के साथ बारिश हुई, जिससे उमस से राहत मिली। अधिकतम तापमान 37.8 और न्यूनतम 25.8 डिग्री रहा।

अजमेर: तेज धूप के कारण गर्मी और उमस का असर रहा। अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 21.9 डिग्री दर्ज हुआ।

उदयपुर: कभी धूप तो कभी बादल छाए रहे। अधिकतम तापमान 32.6 और न्यूनतम 22.5 डिग्री रहा।

सीकर: पूरे दिन मौसम साफ रहा। तेज धूप के कारण गर्मी का असर रहा। अधिकतम तापमान 36.8 और न्यूनतम 22.4 डिग्री दर्ज हुआ।

अगले दिनों में बारिश की गतिविधियां रहेंगी कमजोर

राजस्थान में मानसून की विदाई शुरू होने के साथ बारिश का दौर कमजोर होने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले 4-5 दिनों तक प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान जताया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!