भवन निर्माण निगम के GM के ठिकानों पर EOU की रेड: पटना-वैशाली में छापेमारी, आय से 3.12 करोड़ अधिक संपत्ति का आरोप
21 सितंबर को EOU थाने में दर्ज हुआ केस; विशेष न्यायालय से तलाशी वारंट मिलने के बाद बुधवार सुबह शुरू हुई कार्रवाई

पटना। बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के महाप्रबंधक (तकनीकी) कमलेश कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बुधवार सुबह कार्रवाई की। EOU की टीम ने पटना और वैशाली स्थित उनके ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया।
कमलेश कुमार पर आय के ज्ञात स्रोतों से करीब 3 करोड़ 12 लाख 51 हजार रुपए अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। मामले में जांच एजेंसी ने भ्रष्टाचार से संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
21 सितंबर को दर्ज हुई FIR
EOU थाने में 21 सितंबर 2026 को कांड संख्या 24/26 दर्ज किया गया। मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 में संशोधन के बाद लागू प्रावधानों के तहत दर्ज किया गया है। FIR में धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) का उल्लेख किया गया है।
मामला दर्ज होने के बाद EOU ने पटना स्थित विशेष न्यायालय निगरानी से तलाशी वारंट प्राप्त किया। इसके बाद 22 सितंबर की सुबह जांच टीम ने संबंधित ठिकानों पर कार्रवाई शुरू की।
तलाशी के दौरान दस्तावेजों की जांच
EOU की टीम छापेमारी के दौरान संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, बैंक खातों और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रही है। जांच एजेंसी का उद्देश्य आय और संपत्ति के बीच अंतर से जुड़े दस्तावेजों को जुटाना है।
फिलहाल तलाशी अभियान जारी है। कार्रवाई पूरी होने के बाद जांच एजेंसी की ओर से बरामदगी और अन्य तथ्यों की आधिकारिक जानकारी सामने आने की उम्मीद है।



