बिश्नोई गैंग के नाम पर 25 करोड़ की रंगदारी मांगने का आरोप, शोएब ढेबर समेत 4 गिरफ्तार
रायपुर में कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को मिली थी धमकी, इंटरनेट कॉल के लिए हॉटस्पॉट देने का आरोप; पुलिस कर रही मामले की जांच।

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी देकर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने शराब कारोबारी अनवर ढेबर के बेटे शोएब ढेबर समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि शोएब ने धमकी भरी इंटरनेट कॉल करने के लिए हॉटस्पॉट उपलब्ध कराया था।
पुलिस ने इस मामले में सबसे पहले जांजगीर-चांपा निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया था, जो एक होटल में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करता है। आरोप है कि उसी युवक से बिश्नोई गैंग के नाम पर आनंद कुकरेजा को फोन करवाया गया था। पूछताछ के दौरान शोएब ढेबर का नाम सामने आने के बाद रायपुर पुलिस ने शनिवार देर रात उसे हिरासत में लिया था।
टीनू भारद्वाज से भी हुई पूछताछ
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने भाजपा नेता के भांजे टीनू भारद्वाज को भी पूछताछ के लिए बुलाया। इसके अलावा होटल के तीन कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई। पुलिस ने विस्तृत जांच के बाद शोएब ढेबर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने दिल्ली क्राइम ब्रांच की मदद से व्हाट्सऐप कॉल की पड़ताल कर जांजगीर-चांपा के युवक तक पहुंच बनाई थी। फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि रंगदारी मांगने की साजिश में किसकी क्या भूमिका थी और इसमें अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।
पूर्व महापौर से भी मांगे गए थे 50 करोड़
रायपुर में इससे पहले पूर्व महापौर एजाज ढेबर को भी बिश्नोई गैंग और अमन साव गैंग के नाम पर धमकी दिए जाने का मामला सामने आया था। आरोपियों ने उनसे 50 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। एजाज ढेबर ने इस संबंध में कोतवाली थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस अब आनंद कुकरेजा और एजाज ढेबर से जुड़े दोनों मामलों के बीच संभावित संबंधों की भी जांच कर रही है। मामले में गिरफ्तार आरोपियों की भूमिका और अन्य संभावित आरोपियों को लेकर पुलिस की जांच जारी है।




