chandigarh

चंडीगढ़ में हेड कॉन्स्टेबल की गोली मारकर हत्या

सिर में लगी गोली, बेड पर मिला शव; बेटे के बयान में विरोधाभास के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार

चंडीगढ़। सेक्टर-22 में शुक्रवार सुबह चंडीगढ़ पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल नितिन (42) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उनका शव घर की पहली मंजिल पर बेड पर मिला। गोली उनके सिर में लगी थी। पड़ोसियों ने गोली चलने की आवाज सुनने के बाद पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने नितिन को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस को घटनास्थल से एक देसी कट्टा भी मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बेटे ने पहले किसी बाहरी व्यक्ति पर लगाया आरोप

घटना के बाद पुलिस ने नितिन के 18 वर्षीय बेटे अरमान से पूछताछ की। शुरुआती बयान में उसने बताया कि कोई बाहरी व्यक्ति घर में आया और उसके पिता को गोली मारकर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, दोबारा पूछताछ में बेटे के बयान में विरोधाभास सामने आया। इसके बाद पुलिस को उसके बयान पर संदेह हुआ और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, पुलिस ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि गोली किसने चलाई।

घर में विवाद की भी जांच

पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि पिछले कुछ दिनों से नितिन के घर में विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन सुबह भी घर से शोर और झगड़े की आवाजें सुनाई देने की बात सामने आई है। पुलिस अब परिवार के सदस्यों और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है।

वारदात के समय नितिन की पत्नी मोनिका भी घर पर मौजूद थीं। वह भी चंडीगढ़ पुलिस में तैनात हैं।

बेटे पर पहले भी सड़क हादसे का केस

पुलिस के अनुसार, अरमान का नाम इससे पहले मनीमाजरा में थार से हुए सड़क हादसे के मामले में भी सामने आया था। 25 फरवरी को तेज रफ्तार थार ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी थी। हादसे में अब्दुल सुभान (40) और गुलशेर (45) की मौत हुई थी।

SSP ने घटनास्थल का निरीक्षण किया

घटना की जानकारी मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। SSP कंवरदीप कौर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने इलाके को सुरक्षित कर साक्ष्य जुटाए हैं।

फिलहाल पुलिस देसी कट्टे, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिवार के सदस्यों के बयानों के आधार पर हत्या की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!