haryana

गर्लफ्रेंड को गर्भपात की दवा देने वाली फर्जी डॉक्टर गिरफ्तार: गोहाना में चला रही थी अवैध क्लिनिक; प्रेमी जोड़े के बाद पुलिस ने पकड़ा

पुलिस पूछताछ में सामने आया गोहाना के कृष्णा क्लिनिक का कनेक्शन; बिना वैध चिकित्सकीय प्रक्रिया के दवा देने का आरोप

हिसार। लिव-इन में रह रही युवती के अवैध गर्भपात और नवजात को ठिकाने लगाने के मामले में हिसार पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उस महिला को पकड़ा है, जिस पर युवती को गर्भपात की दवाइयां देने का आरोप है। पुलिस के अनुसार आरोपी महिला गोहाना में ‘कृष्णा क्लिनिक’ नाम से क्लिनिक चला रही थी।

नवजात को ठिकाने लगाने की कोशिश में पकड़ा गया था प्रेमी

मामला 8 जुलाई का है। पुलिस ने हिसार के ऋषि नगर और सेक्टर-14 क्षेत्र से नवजात को फेंकने की कोशिश के आरोप में अनिल कुमार (29), निवासी गांव नियाणा को पकड़ा था।

पुलिस के मुताबिक अनिल और युवती पिछले करीब 7 वर्षों से एक-दूसरे के संपर्क में थे और हिसार में लिव-इन में रह रहे थे। युवती के गर्भवती होने के बाद सामाजिक बदनामी के डर से दोनों ने गर्भपात कराने का फैसला किया था। इसके बाद पुलिस ने प्रेमी और उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार कर केस दर्ज किया था।

पूछताछ में गोहाना के क्लिनिक का पता चला

पुलिस की पूछताछ में मामले की कड़ी गोहाना स्थित कृष्णा क्लिनिक से जुड़ी। पुलिस के अनुसार प्रेमी जोड़े ने बड़ौदा रोड स्थित इस क्लिनिक से संपर्क किया था।

आरोप है कि क्लिनिक संचालिका ने बिना वैध चिकित्सकीय योग्यता और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के युवती को गर्भपात की दवाइयां दीं। पुलिस के मुताबिक दवाइयों के बाद युवती को समय से पहले प्रसव पीड़ा हुई और उसने बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद नवजात को ठिकाने लगाने की कोशिश की गई।

सोनीपत की रहने वाली है आरोपी

हिसार पुलिस की विशेष टीम ने गोहाना स्थित क्लिनिक पर कार्रवाई करते हुए महिला को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान गीता पत्नी भूषण, निवासी नीलम सिनेमा के पास, बड़ौदा रोड, सोनीपत के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी महिला को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले में पुलिस की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!