झारखंड में कल से झमाझम बारिश के आसार
बंगाल की खाड़ी के सिस्टम का असर बढ़ेगा; 23 सितंबर से तेज हवाओं के साथ बारिश, 24 को पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट

रांची। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण झारखंड में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है और अगले 24 घंटे में इसके और मजबूत होकर डीप डिप्रेशन में बदलने की संभावना है। इसके प्रभाव से राज्य में अगले कई दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।
आज तीन जिलों में यलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मंगलवार को पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम में तेज हवा के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना है। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
रांची समेत अन्य जिलों में भी बादल छाए रहने और तेज हवा चलने का पूर्वानुमान है।
23 सितंबर से बढ़ेगा बारिश का असर
23 सितंबर को रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में तेज हवा, वज्रपात और भारी बारिश की चेतावनी है। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
इस दौरान हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि तेज झोंकों की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है।
24 सितंबर को पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट
24 सितंबर को रांची, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और गुमला में वज्रपात के साथ तेज हवा और भारी बारिश का पूर्वानुमान है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं 25 सितंबर को पलामू, चतरा और लातेहार में वज्रपात के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
27 सितंबर तक सक्रिय रह सकता है सिस्टम
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार निम्न दबाव का क्षेत्र 23 सितंबर के आसपास उत्तर आंध्र प्रदेश से दक्षिण ओडिशा तट तक पहुंच सकता है। इसके बाद इसका प्रभाव झारखंड के कई हिस्सों में देखने को मिलेगा।
24 सितंबर को रांची समेत राज्य के कई इलाकों में बहुत भारी बारिश की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 27 सितंबर तक रुक-रुककर बारिश, गरज-चमक और वज्रपात का दौर जारी रहने की संभावना है।
मौसम में बदलाव के चलते अगले पांच दिनों में रांची के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
राज्य में अब भी सामान्य से 7% कम बारिश
21 सितंबर तक झारखंड में मानसून के दौरान सामान्य से 7 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। राज्य में इस अवधि में सामान्य बारिश 962.4 मिमी के मुकाबले अब तक 891 मिमी बारिश हुई है।
हालांकि, राजधानी रांची में बारिश सामान्य से अधिक रही है। यहां सामान्य 980.3 मिमी के मुकाबले 1071.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 9 प्रतिशत अधिक है।
आने वाले दिनों में होने वाली बारिश से राज्य के मौजूदा बारिश के आंकड़ों में बदलाव होने की संभावना है।




