मोदी के जन्मदिन पर MP में दीपोत्सव: उज्जैन में 25 लाख दीपों से रोशन होंगे शिप्रा घाट, इंदौर के राजबाड़ा पर जलेंगे ढाई लाख दीये
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर पर मध्यप्रदेश में एक साथ जलेंगे 58 लाख से ज्यादा दीपक; उज्जैन में शिप्रा घाट और महाकाल लोक में 25 लाख, इंदौर के राजबाड़ा पर 2.5 लाख दीयों से दीपोत्सव की तैयारी

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को मध्य प्रदेश में बड़े स्तर पर दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा। सेवा-संकल्प अभियान के तहत शाम 7 बजे प्रदेशभर में एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
सबसे बड़ा आयोजन उज्जैन में प्रस्तावित है, जहां महाकाल महालोक और शिप्रा नदी के घाटों पर 25 लाख से अधिक दीप जलाने की तैयारी है। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
प्रदेशभर में कुल 58 लाख से अधिक दीप जलाने की तैयारी है। ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों के प्रत्येक वार्ड में भी दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। सरकारी योजनाओं के लाभार्थी परिवारों और विभिन्न संस्थाओं को भी अभियान से जोड़ा जाएगा।
उज्जैन में 25 लाख से ज्यादा दीप
उज्जैन में शिप्रा नदी के घाटों और महाकाल महालोक क्षेत्र में 25 लाख से अधिक दीप जलाने की तैयारी है। दीपों को एक साथ प्रज्ज्वलित करने के लिए घाटों पर अलग-अलग ब्लॉक बनाए गए हैं।
आयोजन में सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं के साथ आम लोगों की भागीदारी भी रखी गई है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को व्यापक जनभागीदारी के साथ कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
इंदौर के राजबाड़ा पर ढाई लाख दीप
इंदौर में राजबाड़ा क्षेत्र में ढाई लाख दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसके अलावा सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों के घरों में भी दीप जलाए जाने की योजना है।
भोपाल में ‘आशीर्वाद का दीपक’
भोपाल समेत प्रदेश के अन्य शहरों में नदी घाटों, मंदिरों और प्रमुख स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। ‘आशीर्वाद का दीपक’ कार्यक्रम के तहत सरकारी योजनाओं के लाभार्थी परिवारों के घर भी दीपों से रोशन किए जाएंगे।
प्रदेशभर में मुख्य दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम 17 सितंबर की शाम 7 बजे एक साथ शुरू होगा।
अमरकंटक के रामघाट पर 21 हजार दीप
अनूपपुर जिले में अमरकंटक के रामघाट पर 21 हजार दीप प्रज्ज्वलित कर महाआरती की जाएगी।
रामघाट के दक्षिण तट पर 11 हजार और उत्तर तट पर 10 हजार दीप जलाए जाएंगे। इसके साथ सामूहिक स्वच्छता श्रमदान, पौधारोपण और रक्तदान शिविर जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
मुलताई में ताप्ती तट पर 6 हजार दीप
मुलताई में ताप्ती नदी के तट पर करीब 6 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसके अलावा नगर के 15 वार्डों में 500-500 दीप जलाए जाएंगे। इस तरह कुल करीब 7,500 दीप जलाने की तैयारी है।
दीप प्रज्ज्वलन की जिम्मेदारी नगर पालिका के 21 कर्मचारियों को सौंपी गई है।
उमरिया में घाटों और ग्राम पंचायतों में दीपोत्सव
उमरिया जिले में विभिन्न प्रमुख स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। जनपद पंचायत मानपुर के बस स्टैंड, विरासिनी माता मंदिर पाली, अटल स्टेच्यू नौरोजाबाद और शिव घाट चंदिया में दीप जलाने की तैयारी है।
सभी वार्डों में 500-500 ‘आशीर्वाद के दीपक’ और जिले की 236 ग्राम पंचायतों में भी 500-500 दीप प्रज्ज्वलित किए जाने की जानकारी दी गई है।
खजुराहो में 3 लाख दीये जलाने की तैयारी
खजुराहो में सेवा-संकल्प अभियान के तहत गुरुवार शाम 7 बजे करीब 3 लाख दीये जलाए जाने की तैयारी है। मुख्य आयोजन पश्चिमी मंदिर समूह परिसर में होगा, जहां एक लाख दीपक जलाए जाएंगे।
कंदरिया महादेव मंदिर के सामने के प्रांगण में दीपोत्सव के लिए विशेष तैयारी की जा रही है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की टीम रंगोली के जरिए भारत का नक्शा और कंदरिया महादेव मंदिर की आकृति तैयार करेगी।
आयोजन के लिए करीब आठ क्विंटल तेल और स्थानीय समूहों से एक लाख दीपक मंगाए जाने की जानकारी दी गई है।
इन शहरों में भी होंगे दीपोत्सव
- जबलपुर: गौरी घाट समेत प्रमुख स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलन।
- ग्वालियर: जिला, ब्लॉक, जनपद, नगर पालिका और वार्ड स्तर पर आयोजन।
- रतलाम: कार्यकर्ताओं और लाभार्थियों के माध्यम से विभिन्न स्थानों पर दीपोत्सव।
- नर्मदापुरम: सेठानी घाट पर दीप प्रज्ज्वलन।
- गुना: हनुमान टेकरी पर दीप जलाए जाएंगे।
- रायसेन: महामाया चौक पर दीपों से भारत का नक्शा बनाने की तैयारी।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
सेवा-संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। दीप प्रज्ज्वलन के साथ अभियान की शुरुआत होगी।
इसके बाद सेवा गतिविधियों, जनभागीदारी, प्रतियोगिताओं और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई है।
हमारे मठ | RNI NO. HARHIN/2023/90591




