मुजफ्फरनगर में सिक्योरिटी गार्ड की गोली मारकर हत्या: बेटे की प्रेमिका के पिता-भाई पर आरोप; रास्ते में रोककर सीने में मारी गोली
किनोनी गांव के सुभाष साइकिल से ड्यूटी जा रहे थे; बेटे के प्रेम संबंध को लेकर दो दिन पहले हुई थी पंचायत

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में मंगलवार सुबह एक प्राइवेट फैक्ट्री के सिक्योरिटी गार्ड की गोली मारकर हत्या कर दी गई। 50 वर्षीय सुभाष साइकिल से ड्यूटी के लिए जा रहे थे। पिनना चौराहे के पास कुछ लोगों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और सीने में गोली मार दी।
सुभाष का बेटा गांव की एक युवती को करीब एक महीने पहले अपने साथ ले गया था। इस मामले में वह जेल में बंद है। परिवारों के बीच इसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। दो दिन पहले गांव में पंचायत भी हुई थी, जिसमें युवती ने युवक के पक्ष में बयान दिया था। पुलिस फिलहाल हत्या के पीछे इसी रंजिश के एंगल की जांच कर रही है।
गांव की युवती से था बेटे का प्रेम संबंध
शाहपुर थाना क्षेत्र के किनोनी गांव निवासी सुभाष बुढ़ाना मोड़ स्थित एक निजी फैक्ट्री में सिक्योरिटी गार्ड थे। उनके परिवार में पत्नी ममता उर्फ पिंकी और दो बेटे सागर (26) व आकाश (25) हैं। परिवार के पास करीब 7 बीघा जमीन भी है।
इसी गांव में सतेंदर का परिवार रहता है। उनके बेटे हरिओम उर्फ शुभम (25) और 22 वर्षीय बेटी हैं। परिवार खेती करता है और उनके पास करीब 18 बीघा जमीन बताई गई है।
परिजनों के मुताबिक, सुभाष के बेटे आकाश का सतेंदर की बेटी से प्रेम संबंध था। दोनों एक ही जाति के बताए जा रहे हैं, लेकिन दोनों परिवार इस रिश्ते और शादी के लिए तैयार नहीं थे।
एक महीने पहले लड़की को लेकर चला गया था आकाश
करीब एक महीने पहले आकाश युवती को अपने साथ लेकर चला गया था। युवती के परिवार की शिकायत पर पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज किया।
बाद में पुलिस ने दोनों को बरामद कर लिया। आकाश को जेल भेज दिया गया, जबकि युवती को मेरठ के नारी निकेतन भेजा गया।
इसके बाद दोनों परिवारों के बीच विवाद और बढ़ गया।
दो दिन पहले हुई थी गांव में पंचायत
इसी मामले को लेकर दो दिन पहले गांव में पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत में युवती ने आकाश के पक्ष में बयान दिया।
इसके बाद उसे फिर से नारी निकेतन भेज दिया गया। इसी घटनाक्रम के दो दिन बाद सुभाष की हत्या से गांव में तनाव का माहौल बन गया।
ड्यूटी जाते समय घेरकर मारी गोली
मंगलवार सुबह सुभाष घर से साइकिल लेकर फैक्ट्री में ड्यूटी के लिए निकले थे। पिनना चौराहे के पास हमलावरों ने उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि हमलावरों ने सुभाष के सीने में गोली मारी, जिससे उनकी मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, फायरिंग के लिए 312 बोर के तमंचे का इस्तेमाल किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
परिवार ने लड़की के पिता और भाई पर लगाया हत्या का आरोप
मृतक के परिजनों ने युवती के पिता सतेंदर और भाई हरिओम उर्फ शुभम पर हत्या का आरोप लगाया है।
हालांकि, पुलिस ने अभी आरोपियों की भूमिका की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और CCTV फुटेज तथा दूसरे साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास हो रहा है।
SSP बोले- अफेयर को लेकर रंजिश का एंगल सामने आया
मौके पर पहुंचे SSP संजय कुमार वर्मा ने बताया कि शुरुआती जांच में प्रेम संबंध को लेकर रंजिश का एंगल सामने आया है।
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा घटनास्थल से जुटाए गए अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है।
SSP के मुताबिक, पुलिस जल्द ही मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास करेगी।
पुलिस के सामने अहम सवाल
- सुभाष की हत्या की साजिश कब और कैसे रची गई?
- क्या हत्या का सीधा संबंध बेटे के प्रेम संबंध से है?
- पंचायत के बाद हत्या करने की योजना बनाई गई थी या नहीं?
- वारदात में कितने लोग शामिल थे?
- CCTV फुटेज से हमलावरों की पहचान हो पाएगी या नहीं?
फिलहाल पुलिस हत्या के कारण और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




