नागौर में बीच सड़क ठेकेदार पर लाठी-हॉकी से हमला, हाथ-पैर तोड़े
स्कॉर्पियो और कैंपर सवार बदमाशों ने पहले क्रेटा को मारी टक्कर, फिर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा; राहगीर वीडियो बनाते रहे

नागौर। नागौर में नेशनल हाईवे-62 पर एक ठेकेदार के साथ बीच सड़क मारपीट का मामला सामने आया है। स्कॉर्पियो और कैंपर में सवार बदमाशों ने पहले ठेकेदार की क्रेटा कार को टक्कर मारी, इसके बाद उसे बाहर निकालकर लाठी और हॉकी से बेरहमी से पीटा।
हमले में ठेकेदार हेतराम गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग ठेकेदार पर लाठी-हॉकी से हमला करते दिखाई दे रहे हैं।
टक्कर के बाद कार पेड़ के पास जाकर रुकी
घटना रविवार शाम करीब 6 बजे टांकला टोल के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शी राजवीर धोलिया के अनुसार, स्कॉर्पियो और कैंपर सवार युवकों ने क्रेटा कार का पीछा किया और उसे टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर पेड़ के पास जाकर रुक गई। इसके बाद दोनों वाहनों से उतरे बदमाशों ने कार पर लाठियों से हमला शुरू कर दिया।
ठेकेदार को कार से निकालकर पीटा
हमलावरों ने कार चला रहे हेतराम को पकड़ लिया और उसके हाथ-पैरों पर लाठी और हॉकी से ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर रूप से घायल होने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
हेतराम के साथ कार में एक अन्य युवक भी मौजूद था। बदमाशों को देखकर वह मौके से भाग गया।
राहगीरों ने टोल पर दी सूचना
हमले के बाद हेतराम लहूलुहान हालत में सड़क किनारे पड़ा था। वहां से गुजर रहे लोगों ने उसे संभाला और टांकला टोल पर सूचना दी।
इसके बाद एंबुलेंस की मदद से घायल को खींवसर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
रॉयल्टी ठेकेदारी से जुड़े विवाद में हमले की आशंका
खींवसर थाने के ASI हरेंद्र के अनुसार, घायल हेतराम रॉयल्टी ठेकेदार है और जोधपुर जिले के बावड़ी क्षेत्र में रॉयल्टी का ठेका चलाता है।
प्रारंभिक जांच में हमला ठेकेदारी के काम से जुड़े विवाद के कारण होने की बात सामने आई है। हालांकि, हमले की वास्तविक वजह पुलिस की जांच और पीड़ित से पूछताछ के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त क्रेटा कार को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करवाया है। आरोपियों की पहचान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
Keywords
Nagaur Crime News, Nagaur Attack, Contractor Attack, Nagaur News, Tankla Toll, Khinvsar Police, Royalty Contractor, Rajasthan Crime News, Highway Attack, Jodhpur Royalty



