पेट्रोल पंप में 49% हिस्सेदारी का झांसा देकर डॉक्टर दंपती से ₹2.08 करोड़ की ठगी
चौपारण में HPCL पेट्रोल पंप की डीलरशिप मिलने का दावा; आरोपी पर दस्तावेजों में हेरफेर कर रकम ऐंठने का आरोप, पुंदाग थाने में FIR

रांची। पुंदाग इलाके में पेट्रोल पंप में पार्टनरशिप दिलाने का झांसा देकर रिटायर्ड डॉक्टर दंपती से 2.08 करोड़ रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। मामले में सीसीएल से सेवानिवृत्त चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. ब्रह्मदेव चौधरी ने पुंदाग थाने में पिंकू कुमार चौधरी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी से उनकी कई वर्षों से जान-पहचान थी। इसी परिचय का फायदा उठाकर आरोपी ने उन्हें पेट्रोल पंप में साझेदारी का प्रस्ताव दिया।
49% हिस्सेदारी देने का दिया झांसा
एफआईआर में डॉ. चौधरी ने बताया कि 20 मार्च 2022 को पिंकू कुमार चौधरी उनके पुंदाग स्थित आवास पर आया था। उसने बताया कि उसके नाम पर हिंदुस्तान पेट्रोलियम की ओर से चौपारण में पेट्रोल पंप की डीलरशिप स्वीकृत हुई है।
आरोपी ने डॉक्टर दंपती को पेट्रोल पंप में 49 प्रतिशत हिस्सेदारी देने का भरोसा दिलाया। इसके बाद अलग-अलग समय पर उनसे रकम ली गई। शिकायत के मुताबिक कुल 2.08 करोड़ रुपए की राशि दी गई।
4 अप्रैल 2024 से लाभांश देना किया बंद
शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी ने शुरुआत में उन्हें लाभांश देने की बात कही, लेकिन 4 अप्रैल 2024 से लाभांश देना बंद कर दिया। जब डॉक्टर दंपती ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी कथित तौर पर टालमटोल करने लगा।
इसके बाद डॉ. चौधरी ने पेट्रोलियम कंपनी के क्षेत्रीय कार्यालय से मामले की जानकारी लेने का फैसला किया।
कंपनी के रिकॉर्ड में पार्टनर बनाने की प्रक्रिया नहीं मिली
डॉ. चौधरी के अनुसार, उन्होंने एचपीसीएल के क्षेत्रीय कार्यालय से संपर्क कर पेट्रोल पंप और पार्टनरशिप से संबंधित जानकारी हासिल की। वहां उन्हें बताया गया कि उनके या उनकी पत्नी को कंपनी के रिकॉर्ड में पार्टनर बनाने की कोई प्रक्रिया नहीं हुई थी।
इसके बाद उन्हें कथित तौर पर दस्तावेजों में हेरफेर किए जाने की जानकारी मिली।
₹2.70 लाख की DD को ₹72.70 लाख दिखाने का आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने एचपीसीएल से संबंधित दस्तावेज में हेरफेर करते हुए 2.70 लाख रुपए की डिमांड ड्राफ्ट राशि को 72.70 लाख रुपए के रूप में दिखाया।
डॉक्टर दंपती ने मामले को लेकर पुलिस में शिकायत दी, जिसके आधार पर पुंदाग थाने में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस जांच में सामने आएगी पूरी सच्चाई
पुलिस अब मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान पेट्रोल पंप की डीलरशिप, कथित पार्टनरशिप, लेन-देन और संबंधित दस्तावेजों की जांच की जाएगी। साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि डॉक्टर दंपती से रकम किस तरह और किन परिस्थितियों में ली गई।
नोट: खबर में लगाए गए आरोप एफआईआर और शिकायत में बताए गए तथ्यों पर आधारित हैं। मामले की वास्तविकता पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद स्पष्ट होगी।
Keywords
Ranchi Fraud Case, Ranchi Crime News, Petrol Pump Fraud, Doctor Couple Fraud, HPCL Petrol Pump, Pundag Police, Ranchi News, Jharkhand Crime News, Petrol Pump Partnership Fraud




