रांची

झारखंड के 9,217 प्राथमिक शिक्षकों को नियुक्ति तिथि से मिलेगा ग्रेड-1 का लाभ, सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा था मामला

1987, 1988, 1994 और 1999-2000 में नियुक्त शिक्षकों को मिलेगी राहत, 30 सितंबर तक मांगे गए प्रस्ताव; ग्रेड-2 की पात्रता पर भी पड़ेगा असर

रांची। झारखंड के 9,217 प्राथमिक शिक्षकों को नियुक्ति तिथि से ग्रेड-1 का लाभ देने की प्रक्रिया फिर शुरू हो गई है। इसके साथ ही शिक्षकों की पारस्परिक वरीयता भी नियुक्ति तिथि के आधार पर निर्धारित की जाएगी। एकीकृत बिहार के समय नियुक्त अप्रशिक्षित शिक्षकों से जुड़ा यह मामला करीब एक दशक से न्यायिक प्रक्रिया में था और सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा था।

स्कूली शिक्षा विभाग के निर्देश पर डीएससी, रांची ने सभी क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारियों, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों से 30 सितंबर तक प्रस्ताव मांगे हैं। यह प्रस्ताव उन शिक्षकों के संबंध में मांगे गए हैं, जिन्हें पूर्व में विभागीय संकल्प के तहत ग्रेड-1 का लाभ नहीं मिल पाया था।

इस व्यवस्था के दायरे में 1987, 1988, 1994 और 1999-2000 में नियुक्त कुल 9,217 प्राथमिक शिक्षक शामिल हैं। इनमें 1987 बैच के 128, 1988 बैच के 2,214, 1994 बैच के 4,500 और 1999-2000 बैच के 2,375 शिक्षक हैं।

नियुक्ति के समय अप्रशिक्षित होने पर हुआ था विवाद

यह मामला उन शिक्षकों से संबंधित है, जिनकी नियुक्ति के समय वे अप्रशिक्षित थे। विवाद इस बात पर था कि उन्हें ग्रेड-1 का लाभ और वरीयता नियुक्ति की तारीख से दी जाए या प्रशिक्षण पूरा करने की तारीख से।

शिक्षकों का तर्क था कि प्रशिक्षण में देरी उनकी गलती से नहीं हुई थी। इसी मुद्दे को लेकर न्यायिक लड़ाई चली। झारखंड हाईकोर्ट ने अरुण सिन्हा मामले में फैसला दिया था, जिसे डिवीजन बेंच ने भी बरकरार रखा। इसके बाद राज्य सरकार की विशेष अनुमति याचिका (एसएलपी) भी सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दी थी।

चार बैच के शिक्षकों को मिलेगा लाभ

1987 बैच के 128 शिक्षक: इन शिक्षकों का ग्रेड-1 वेतनमान नियुक्ति तिथि से निर्धारित किया जाएगा। हालांकि, वास्तविक आर्थिक लाभ 15 नवंबर 2000 से मिलेगा। नियुक्ति से लेकर झारखंड राज्य के गठन तक की अवधि वेतन निर्धारण में शामिल होगी।

1988 बैच के 2,214 शिक्षक: इन्हें नियुक्ति तिथि से ग्रेड-1 और उसी आधार पर पारस्परिक वरीयता का लाभ मिलेगा। वास्तविक आर्थिक लाभ की गणना 15 नवंबर 2000 से की जाएगी।

1994 बैच के 4,500 शिक्षक: इन शिक्षकों को नियुक्ति तिथि से ग्रेड-1 और पारस्परिक वरीयता का लाभ दिया जाएगा। वर्ष 2015 के निर्णय में इन शिक्षकों को स्पष्ट रूप से शामिल किया गया था। एरियर की गणना के लिए 15 नवंबर 2000 की तारीख कटऑफ रहेगी।

1999-2000 बैच के 2,375 शिक्षक: इन्हें भी नियुक्ति तिथि से ग्रेड-1 का लाभ मिलेगा। राज्य गठन के आसपास नियुक्ति होने के कारण इनके वास्तविक एरियर की अवधि अन्य बैचों की तुलना में कम हो सकती है। अंतिम राशि नियुक्ति और सेवा में योगदान की तिथि तथा पूर्व वेतन निर्धारण के आधार पर तय होगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!