छत्तीसगढ़

रायगढ़ में 1.21 करोड़ का स्क्रैप और 6 वाहन जब्त, अवैध परिवहन का खुलासा

129.840 टन लोहा-टीन बरामद, सरगुजा से लाया जा रहा था कबाड़; दस्तावेज नहीं मिलने पर 6 मामलों में कार्रवाई

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध कबाड़ परिवहन के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 1.21 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में की गई छह अलग-अलग कार्रवाइयों के दौरान पुलिस ने 129.840 टन लोहा, टीन और अन्य स्क्रैप के साथ छह वाहन जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, जब्त स्क्रैप की कीमत करीब 53.60 लाख रुपये और वाहनों की कीमत लगभग 68 लाख रुपये आंकी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कबाड़ को बिना जरूरी दस्तावेजों के औद्योगिक प्लांटों में खपाने के लिए ले जाया जा रहा था।

सरगुजा से लाया जा रहा था स्क्रैप

पुलिस को सूचना मिली थी कि 14 चक्का ट्रक में लोहा, टीन, रॉड और वाहनों के पुराने पार्ट्स का स्क्रैप भरकर पूंजीपथरा स्थित एक प्लांट में ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने रायगढ़ रोड पर स्केनिया प्लांट के पास ट्रक को रोककर जांच की।

ट्रक चालक राकेश गिरी (32), निवासी जौनपुर (उत्तर प्रदेश) ने बताया कि स्क्रैप सरगुजा से लाया गया था। जांच के दौरान वह माल और उसके परिवहन से संबंधित जरूरी दस्तावेज नहीं दिखा सका। प्लांट से भी प्रवेश पास और अन्य जरूरी कागजात नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने ट्रक और उसमें लदे 23.990 टन स्क्रैप को जब्त कर मामला दर्ज किया।

नाकेबंदी कर पांच अन्य वाहन पकड़े

इसी दौरान पुलिस को अन्य वाहनों से भी स्क्रैप ले जाए जाने की सूचना मिली। इसके बाद रायगढ़ रोड और पूंजीपथरा-तमनार चौक पर नाकेबंदी कर जांच की गई। पुलिस ने पांच अन्य वाहनों को रोककर उनमें लदा 105.850 टन स्क्रैप जब्त किया। सभी छह मामलों में कुल 129.840 टन कबाड़ बरामद किया गया है।

स्क्रैप के स्रोत की जांच जारी

पुलिस अब जब्त स्क्रैप के स्रोत, उसके परिवहन और संभावित रूप से प्लांटों में खपत किए जाने के संबंध में जांच कर रही है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के अनुसार, ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध कबाड़ के परिवहन और चोरी के माल की खपत पर निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने ऐसे मामलों में वाहन मालिकों, परिवहनकर्ताओं और माल की खपत से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच करने की बात कही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!