रायगढ़ में सूने मकान का ताला तोड़कर 8 लाख की चोरी, कैश और जेवरात ले उड़े चोर
दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गया था परिवार, लौटने पर टूटी मिली अलमारी; पुसौर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया मामला

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 8 लाख रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। परिवार दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने दूसरे गांव गया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। शिकायत के बाद पुसौर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दशगात्र कार्यक्रम में गया था परिवार
जानकारी के अनुसार, पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम कंवरिहा निवासी लक्ष्मी प्रसाद पटेल (58) खेती-किसानी के साथ कपड़े सिलाई का काम करते हैं। वह अपनी पत्नी उर्मिला पटेल के साथ गांव में रहते हैं। 13 सितंबर की सुबह उन्हें सूचना मिली कि उनके दामाद कृष्ण कुमार के दादा का निधन हो गया है। इसके बाद पूरा परिवार घर में ताला लगाकर ग्राम पुरूंगा में दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने चला गया।
कार्यक्रम के दौरान लक्ष्मी प्रसाद की पत्नी उर्मिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए धरमजयगढ़ ले जाया गया। दशगात्र कार्यक्रम समाप्त होने के बाद गुरुवार शाम परिवार अपने घर लौटा।
अलमारियों में बिखरा मिला सामान
घर पहुंचने पर परिवार ने मुख्य दरवाजे का ताला खोलकर अंदर प्रवेश किया तो कमरे का दरवाजा टूटा हुआ मिला। घर के दो अलग-अलग कमरों में रखी पांच अलमारियां खुली थीं और उनमें रखा सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर अलमारियों में रखे सोने के हार, रानी हार, कर्णफूल, ब्रेसलेट, अंगूठी और लॉकेट सहित 60 हजार रुपये नकद गायब मिले।
चोरी हुए जेवरात और नकदी की कुल कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई गई है। लक्ष्मी प्रसाद ने आसपास अपने स्तर पर चोरों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
BNS की धाराओं में मामला दर्ज
चोरी की घटना के बाद लक्ष्मी प्रसाद ने शनिवार को पुसौर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(a) और 331(4) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




