मध्य प्रदेश

रायपुर-दुर्ग समेत 7 जिलों में बारिश का अलर्ट: गरज-चमक के साथ बौछारें; 24 सितंबर से बस्तर में बढ़ेगा असर

बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर एरिया मजबूत हो रहा; 24 सितंबर से बस्तर संभाग में भारी बारिश और 50-60 किमी/घंटे की हवाओं की संभावना

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 22 सितंबर को रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, बस्तर, बीजापुर, नारायणपुर और कांकेर समेत कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है, जबकि एक-दो जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर एरिया लगातार मजबूत हो रहा है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। यह सिस्टम 23 सितंबर की सुबह के आसपास आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तट के पास पहुंचने का अनुमान है।

रायपुर में गरज-चमक के साथ बारिश

मौसम विभाग के अनुसार 22 सितंबर को रायपुर में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। शहर में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री रहने का अनुमान है।

पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मौसमी बारिश फिलहाल सामान्य के आसपास बनी हुई है।

24 सितंबर से बस्तर में बढ़ेगा असर

मौसम विभाग के मुताबिक 24 सितंबर से बस्तर संभाग के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।

इसके साथ ही गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

मौसम विभाग ने बारिश और आंधी के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। आने वाले दिनों में बंगाल की खाड़ी के सिस्टम के असर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में बदलाव देखने को मिल सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!