सिरसा में ई-रिक्शा चालक और ट्रैफिक पुलिस में विवाद, बैरिकेडिंग हटाकर आगे जाने का आरोप
परशुराम चौक पर हुआ विवाद, सीसीटीवी फुटेज में बैरिकेडिंग हटाते दिखा ई-रिक्शा; पुलिस ने केस दर्ज किया

सिरसा। शहर के परशुराम चौक के पास ई-रिक्शा चालक और ट्रैफिक पुलिस के बीच विवाद का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो और सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, ई-रिक्शा चालक ने बाजार की ओर जाने वाले रास्ते पर लगाई गई बैरिकेडिंग को हटाकर आगे जाने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा रोकने पर विवाद बढ़ गया और मामला बहस व गाली-गलौज तक पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि घटना वीरवार शाम करीब 3 बजे की है। ई-रिक्शा चालक बेगू रोड की ओर से परशुराम चौक पहुंचा था। यहां बाजार की ओर जाने वाले रास्ते पर ट्रैफिक पुलिस ने बैरिकेडिंग की हुई थी। आरोप है कि चालक ने ई-रिक्शा से बैरिकेडिंग को आगे खिसकाया और बाजार की तरफ जाने लगा।
सामने से आ रही गाड़ी से टकराने से बचा ई-रिक्शा
सीसीटीवी फुटेज में घटनास्थल के पास दो ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान बाजार की ओर से एक गाड़ी चौक की तरफ आ रही थी, जो ई-रिक्शा से टकराने से बच गई। इसके बाद गाड़ी चालक ने ई-रिक्शा चालक को रोककर पीछे जाने को कहा।
मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने भी ई-रिक्शा चालक से बैरिकेडिंग हटाने का कारण पूछा और उसे पीछे जाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई।
ई-रिक्शा आगे ले जाने की कोशिश, रोकने पर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, कुछ देर बाद चालक ने ई-रिक्शा को जबरन आगे ले जाने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों और गाड़ी चालक ने उसे रोकने की कोशिश की। इस दौरान ई-रिक्शा चालक को भी चोट लगी और उसके सिर से खून निकलता दिखाई दिया।
घटना के बाद मौके पर अन्य ई-रिक्शा चालक भी पहुंच गए और बीच-बचाव कर मामला शांत करवाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
सिटी थाना प्रभारी संतोष सिंह के अनुसार, ई-रिक्शा चालक का मेडिकल करवाया गया है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट में उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है। पुलिस के मुताबिक चालक ने पुलिसकर्मियों के साथ विवाद किया और सरकारी कार्य में बाधा डाली।
पुलिसकर्मी की शिकायत के आधार पर आरोपी चालक अजय के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने चालक के पूर्व रिकॉर्ड की भी जांच शुरू की
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आरोपी चालक के खिलाफ पहले से कुछ आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड की विस्तृत जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि जिन मामलों में आरोपी जमानत पर है, उनमें जमानत रद्द करवाने के लिए भी कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
पुलिस पूरे मामले में सीसीटीवी फुटेज, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।



