टॉप न्यूज़

ट्रम्प का व्हाइट हाउस में जिनपिंग के लिए स्टेट डिनर, मेलानिया ने तैयार कराया खास मेन्यू

ट्रम्प ने शी जिनपिंग और पत्नी पेंग लियुआन के सम्मान में आयोजित किया स्टेट डिनर, AI-व्यापार समेत कई मुद्दों पर हुई चर्चा

वॉशिंगटन डीसी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने गुरुवार को चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन के सम्मान में व्हाइट हाउस में स्टेट डिनर आयोजित किया। डिनर की तैयारियों की देखरेख अमेरिका की फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रम्प ने की।

डिनर की शुरुआत पीले स्क्वैश से तैयार किए गए गाढ़े सूप से हुई। इसमें जंगली मशरूम, हरी जड़ी-बूटियां, कुरकुरे पैनसेटा और हरे प्याज का तेल शामिल था। इसके बाद तिल की परत वाली सी-बास मछली परोसी गई। इसके साथ बोक चॉय, भुना बैंगन और हरी चटनी दी गई। मिठाई में वनीला क्रीम, खट्टी चेरी और अखरोट से बनी डिश के साथ आइसक्रीम परोसी गई, जिसमें व्हाइट हाउस में तैयार किया गया शहद इस्तेमाल किया गया।

ट्रम्प बोले- अमेरिका और चीन के रिश्ते पहले से बेहतर

स्टेट डिनर के दौरान ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका और चीन की राजनीतिक व्यवस्थाएं अलग हैं, लेकिन दोनों देशों के लोगों के बीच संबंध मजबूत हैं। उन्होंने दोनों देशों के रिश्ते पहले से बेहतर होने की बात कही। ट्रम्प ने चीन की अपनी यात्रा को याद करते हुए कहा कि वहां जिस गर्मजोशी से उनका स्वागत हुआ था, अब अमेरिका भी जिनपिंग को वैसा ही सम्मान देना चाहता है।

ट्रम्प ने जिनपिंग को अमेरिका के राष्ट्रीय पक्षी बाल्ड ईगल का करीब तीन फीट ऊंचा स्टैच्यू भी उपहार में दिया। इसे अमेरिका की स्वतंत्रता और ऊंची उड़ान भरने वाली भावना का प्रतीक बताया गया।

जिनपिंग ने साझा इतिहास और रिश्तों पर दिया जोर

जिनपिंग ने अपने भाषण में कहा कि चीन का मजबूत होना अमेरिका के खिलाफ नहीं है। उन्होंने दोनों देशों के साझा लक्ष्यों और सहयोग की संभावनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान अमेरिका और चीन के साथ मिलकर जापान का मुकाबला करने के इतिहास को भी याद किया।

जिनपिंग ने 1972 में पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति रिचर्ड निक्सन की चीन यात्रा और पूर्व अमेरिकी विदेश मंत्री हेनरी किसिंजर की भूमिका का भी उल्लेख किया।

डिनर से पहले करीब दो घंटे हुई ट्रम्प-जिनपिंग की बैठक

स्टेट डिनर से पहले ट्रम्प और जिनपिंग ने व्हाइट हाउस में करीब दो घंटे बैठक की। रिपोर्ट के मुताबिक बैठक तय समय से करीब एक घंटे ज्यादा चली। इसमें AI, व्यापार, सुरक्षा और अमेरिका-चीन संबंधों सहित कई मुद्दों पर चर्चा हुई।

बैठक के दौरान AI भी अहम मुद्दा रहा। ट्रम्प ने इसे सुपरइंटेलिजेंस बताया, जबकि जिनपिंग ने कहा कि AI को हमेशा इंसानों के नियंत्रण में रहना चाहिए। दोनों देशों के बीच चल रहे व्यापार समझौते को दो महीने बढ़ाकर 10 जनवरी तक करने की बात भी सामने आई।

जिनपिंग ने अगले पांच साल में एक लाख अमेरिकी छात्रों को चीन आने का न्योता देने की बात कही। उन्होंने अमेरिकी कंपनियों के लिए चीन का बाजार खुला रखने और अमेरिका में चीनी कंपनियों के साथ निष्पक्ष व्यवहार की उम्मीद जताई।

टेक और बिजनेस जगत की कई बड़ी हस्तियां भी पहुंचीं

स्टेट डिनर में अमेरिका के टेक और बिजनेस जगत के कई प्रमुख चेहरे शामिल हुए। इनमें जेफ बेजोस, एलन मस्क, सुंदर पिचाई, सैम ऑल्टमैन, ग्रेग ब्रॉकमैन, जेन्सेन हुआंग और माइकल डेल सहित कई लोग शामिल थे।

हमारे मठ
RNI NO. HARHIN/2023/90591

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!