hansihisar

हांसी में दुकानों के मलबे में लगी भीषण आग, धुआं उठते ही मचा हड़कंप

बड़सी गेट के पास अचानक भड़की आग; फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने संभाला मोर्चा, आसपास की दुकानों और मकानों की दीवारें हुई गर्म

हांसी। हरियाणा के हांसी में ऐतिहासिक बड़सी गेट के पास रविवार शाम दुकानों के मलबे में अचानक आग लग गई। मलबे से तेज धुआं उठता देख आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। आग की लपटें तेज होने के कारण आसपास के इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और फायर ब्रिगेड को जानकारी दी गई। इसके बाद फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कर्मचारियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया।

आसपास की दीवारें भी हुईं गर्म

आग की तेज तपिश का असर आसपास की दुकानों और मकानों तक पहुंचा। नजदीकी इमारतों की दीवारें गर्म होने लगीं।

फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने आसपास की दीवारों को ठंडा रखने के लिए लगातार पानी का छिड़काव किया। आग के कारण दीवारों के कमजोर होकर गिरने की आशंका को देखते हुए भी आसपास के लोग चिंतित नजर आए।

गनीमत रही कि आग की लपटें आसपास की अन्य दुकानों तक नहीं पहुंचीं।

मौके पर पहुंचे नगर परिषद के वाइस चेयरमैन

आग लगने की सूचना के बाद नगर परिषद के वाइस चेयरमैन अनिल बंसल भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। आसपास के दुकानदार भी मौके पर जमा हो गए और आग बुझाने की कार्रवाई देखते रहे।

फायर कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

कुछ दिन पहले ही गिराया गया था पुराना निर्माण

जानकारी के अनुसार, सचिन सिंगला पुत्र ऋषि सिंगला की दुकानों को कुछ दिन पहले ही कब्जामुक्त करवाया गया था। इसके बाद पुराने निर्माण को गिराकर वहां नए सिरे से दुकानों के निर्माण की तैयारी की जा रही थी।

रविवार शाम इसी मलबे से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते मलबे में आग भड़क गई।

आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन और संबंधित टीमों की ओर से मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।

दुकानदारों की ओर से आग से हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है। घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों ने प्रशासन से निर्माणाधीन और मलबे वाले स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान देने की मांग की है।

हमारे मठ | RNI NO. HARHIN/2023/90591

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!