हरियाणा में बदलेगा मौसम, बारिश-आंधी का अलर्ट: 40 किमी/घंटे तक चलेंगी हवाएं; हिसार 38.8°C के साथ सबसे गर्म
6 से 10 अक्टूबर तक कुछ इलाकों में बारिश के आसार; 7 से 9 अक्टूबर के बीच गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की चेतावनी

चंडीगढ़। हरियाणा में अक्टूबर की गर्मी के बीच मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, 4 और 5 अक्टूबर को प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा, जबकि 6 से 10 अक्टूबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।
7 से 9 अक्टूबर के दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।
हिसार 38.8 डिग्री के साथ सबसे गर्म
4 अक्टूबर को प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में पिछले दिन के मुकाबले 0.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। तापमान सामान्य से करीब 1.7 डिग्री अधिक रहा।
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान हिसार में 38.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दक्षिण हरियाणा में भी गर्मी का असर बना रहा। महेंद्रगढ़ में 38.0 डिग्री, नारनौल में 37.0 डिग्री और रेवाड़ी में 34.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
सिरसा में 36.4 डिग्री तापमान
अन्य जिलों की बात करें तो सिरसा में अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री, भिवानी में 36.4, रोहतक में 34.2, फरीदाबाद में 37.1, गुरुग्राम में 35.0, सोनीपत में 37.0 और पलवल में 37.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं चंडीगढ़ में 35.0, अंबाला में 34.2, करनाल में 34.8 और पानीपत में 34.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा।
6 अक्टूबर से बारिश की संभावना
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, 4 और 5 अक्टूबर को मौसम शुष्क रहेगा। इसके बाद 6 अक्टूबर से कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है।
7 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान आकाशीय बिजली और तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
8 और 9 अक्टूबर को भी मौसम में इसी तरह बदलाव जारी रहने की संभावना है। इन दोनों दिनों के लिए 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं, गरज-चमक और आकाशीय बिजली को लेकर चेतावनी दी गई है।
10 अक्टूबर को कोई मौसम चेतावनी नहीं
मौसम विभाग के अनुसार 10 अक्टूबर को प्रदेश में किसी तरह की विशेष चेतावनी नहीं है। हालांकि कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना बनी रह सकती है।
मौसम में बदलाव से पिछले कुछ दिनों से दोपहर में पड़ रही गर्मी से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
आंधी और बिजली के दौरान सावधानी जरूरी
तेज हवाओं, गरज-चमक और आकाशीय बिजली के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए।
हमारे मठ | RNI NO. HARHIN/2023/90591



