
जयपुर शहर में मूलभूत सुविधाओं की बदहाली लगातार लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। कहीं खराब स्ट्रीट लाइट से अंधेरा पसरा है तो कहीं टूटी सड़कें और गहरे गड्ढे हादसों का कारण बन रहे हैं। कई इलाकों में कचरे के ढेर और जलभराव की समस्या से लोगों का जीना दूभर हो गया है।
‘भास्कर समाधान’ में जनता ने उठाई आवाज
नागरिकों ने अपनी समस्याएं ‘भास्कर समाधान’ सेगमेंट के जरिए सामने रखीं। लोगों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद कई जगहों पर स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।
महावीर कॉलोनी में अंधेरे से परेशानी
बम्बाला स्थित महावीर कॉलोनी से जितेंद्र कुमार ने शिकायत करते हुए बताया कि क्षेत्र की स्ट्रीट लाइट लंबे समय से खराब है। रात के समय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क पर गड्ढे से हादसे का खतरा
जयपुर निवासी नेहा माहेश्वरी ने सड़क पर बने बड़े गड्ढे की समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि बारिश में यहां पानी भर जाता है, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।
12 महीने से नहीं उठा कचरा
जनता कॉलोनी रोड से प्रदीप परवानी ने बताया कि इलाके में पिछले एक साल से कचरे का ढेर लगा हुआ है। इससे गंदगी और बदबू फैल रही है, लेकिन अब तक सफाई नहीं हुई।
कमल विहार में जलभराव से लोग परेशान
सोडाला के कमल विहार क्षेत्र से भूमिका गर्ग ने बताया कि द्रव्यवती नाले का पानी घरों के पास जमा रहता है। इससे इलाके में जलभराव और गंदगी की स्थिति बनी रहती है।
कई समस्याओं का हुआ समाधान
चांदपोल सब्जी मंडी क्षेत्र में गंदे पानी की शिकायत के बाद संबंधित विभाग ने कार्रवाई कर समस्या का समाधान कर दिया। वहीं प्रताप नगर सेक्टर-26 में पेड़ पर गिरे बिजली के तार की शिकायत पर नगर निगम ने तुरंत कार्रवाई की।
राहुल अग्रवाल बने ‘पब्लिक के स्टार’
प्रताप नगर क्षेत्र में बिजली तार की गंभीर समस्या के समाधान के बाद नगर निगम के JEN राहुल अग्रवाल को आज का ‘पब्लिक के स्टार’ चुना गया। उन्होंने पेड़ की कटाई करवाकर संभावित हादसे को टाल दिया।
जनता की आवाज बन रहा ‘भास्कर समाधान’
‘भास्कर समाधान’ अब ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म बनता जा रहा है, जहां लोग सीधे अपने इलाके की समस्याएं प्रशासन तक पहुंचा रहे हैं। इस प्लेटफॉर्म के जरिए अधिकारी भी शिकायतों पर कार्रवाई की जानकारी दे रहे हैं।
#BhagwaHindustan #BhagwaHindusthan #HamareMath #GiriReporter #MandiDabwali




