40 डिग्री तापमान में पंच धूनी रमाकर तप कर रहे संत
उज्जैन के निनोरा में दिखा अद्भुत आध्यात्मिक नजारा

सिंहस्थ कुंभ में अभी भले ही दो साल का समय बाकी हो, लेकिन धर्मनगरी उज्जैन में अभी से कुंभ जैसा माहौल देखने को मिल रहा है। देश के प्रसिद्ध संत टाटम्बरी सरकार (श्रीश्री 1008 महामंडलेश्वर रामदास जी त्यागी) अपने करीब 20 संतों के साथ उज्जैन पहुंचे हैं।
संत तपती गर्मी के बीच सिर पर पात्र रखकर बैठे हैं, जिनमें कंडे धधक रहे हैं। चारों ओर धूनी रमाकर संत कठोर तपस्या और जाप में लीन हैं। श्रद्धालु बड़ी संख्या में उनके दर्शन और आशीर्वाद लेने पहुंच रहे हैं।
40 डिग्री तापमान में कर रहे तपस्या
निनोरा निवासी सोनू शर्मा के खेत में नर्मदा पुराण कथा का आयोजन चल रहा है, जिसमें संत शामिल होने पहुंचे हैं।
जहां आम लोग भीषण गर्मी के कारण दोपहर में घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं, वहीं संत 40 डिग्री तापमान में खुले आसमान के नीचे पंच धूनी के बीच बैठकर तप और जाप कर रहे हैं।
चार महीने तक चलेगा विशेष अनुष्ठान
ध्रुव दास त्यागी ने बताया कि सभी संत रोज सुबह 3 बजे उठकर पूजा-पाठ और दैनिक कार्यों के बाद धूनी रमाकर तपस्या शुरू करते हैं।
उन्होंने बताया कि संसार कल्याण के उद्देश्य से यह विशेष अनुष्ठान चार महीने तक चलेगा और इसका समापन गंगा दशहरा पर किया जाएगा।
नर्मदा पुराण कथा में पहुंचे संत
आयोजक सोनू शर्मा के अनुसार टाटम्बरी सरकार वर्ष 1992 से निनोरा में धार्मिक आयोजन करते आ रहे हैं। इस बार वे नर्मदा पुराण कथा में शामिल होने पहुंचे हैं।
3 मई से शुरू हुई कथा का समापन शनिवार को होगा। शाम को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में संत और श्रद्धालु शामिल होंगे।
सबसे युवा महामंडलेश्वर भी बने आकर्षण का केंद्र
प्रयागराज कुंभ में महज 18 वर्ष की उम्र में सियाराम दास महाराज को महामंडलेश्वर की उपाधि मिली थी। उन्हें देश के सबसे कम उम्र के महामंडलेश्वर के रूप में जाना जाता है।
बताया जाता है कि 13 साल की उम्र में उन्होंने घर-परिवार छोड़कर संन्यास जीवन अपना लिया था। टाटम्बरी बाबा ने उन्हें अपना उत्तराधिकारी भी घोषित किया है। महज 19 वर्ष की उम्र में लंबी जटाओं और साधु वेश में वे श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
#Ujjain #Mahamandaleshwar #SantSamagam #NarmadaPuran #SpiritualIndia #MadhyaPradesh #BhagwaHindustan #BhagwaHindusthan #HamareMath #GiriReporter #MandiDabwali



