भांजे का किडनैप कर मांगी 10 लाख की फिरौती, मामा समेत 3 गिरफ्तार
यूपी से बच्चे का अपहरण कर रोहतक के होटल में छिपाया

हरियाणा की रोहतक पुलिस ने उत्तर प्रदेश से किडनैप किए गए 10 वर्षीय बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने बच्चे के सगे मामा समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों ने बच्चे को किडनैप कर रोहतक के एक होटल में रखा हुआ था और परिवार से 10 लाख रुपए की फिरौती मांग रहे थे। यूपी पुलिस से सूचना मिलने के बाद रोहतक एसआईटी ने होटल में रेड कर बच्चे को छुड़ाया।
स्कूल से लौटते समय किया गया था अपहरण
उत्तर प्रदेश के बांदा निवासी अनिल विश्वकर्मा ने 7 मई को अपने बेटे हर्षित की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। हर्षित कक्षा चौथी का छात्र है और स्कूल से लौटते समय लापता हो गया था।
कुछ देर बाद बच्चे की मां रश्मि को व्हाट्सएप कॉल कर 10 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए बांदा पुलिस ने कई टीमों का गठन किया और जांच शुरू की।
CCTV और टोल प्लाजा की फुटेज खंगाली
पुलिस ने कानपुर से दिल्ली तक करीब 25 टोल प्लाजा और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में सामने आया कि आरोपी लगातार गाड़ी की नंबर प्लेट और फास्टैग बदल रहे थे ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।
आरोपी मोबाइल में सिम इस्तेमाल करने के बजाय केवल वाई-फाई के जरिए व्हाट्सएप कॉल कर रहे थे, जिससे उनकी लोकेशन ट्रेस करना मुश्किल हो रहा था।
रोहतक के होटल में मिली लोकेशन
तकनीकी सर्विलांस के जरिए पुलिस को आरोपियों की लोकेशन रोहतक के एक होटल में मिली। इसके बाद यूपी पुलिस ने रोहतक पुलिस से संपर्क किया।
रोहतक एसआईटी ने सादी वर्दी में होटल की निगरानी शुरू की। इसी दौरान एक आरोपी होटल से बाहर आया, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया। उसकी मदद से कमरे का दरवाजा खुलवाकर बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
मामा ने ही रची थी पूरी साजिश
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि बच्चे का सगा मामा रामजी ही इस पूरी वारदात का मास्टरमाइंड था। उसके साथ अनीस और सुमित नामक दो अन्य आरोपी भी शामिल थे।
पुलिस के अनुसार रामजी और उसके जीजा अनिल के बीच पहले से पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में उसने अपने ही भांजे के अपहरण की साजिश रची।
आरोपियों को यूपी पुलिस के हवाले किया गया
रोहतक पुलिस पीआरओ मनीष हुड्डा ने बताया कि बच्चे को सुरक्षित बरामद कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई के लिए आरोपियों को उत्तर प्रदेश पुलिस के हवाले कर दिया गया।
#Rohtak #Kidnapping #UPPolice #HaryanaPolice #CrimeNews #BreakingNews #BhagwaHindustan #BhagwaHindusthan #HamareMath #GiriReporter #MandiDabwali




