संसद में विपक्ष का हंगामा जारी, दोनों सदन सोमवार तक स्थगित; लोकसभा से MSME संशोधन विधेयक पारित
लोकसभा से MSME संशोधन विधेयक पारित

नई दिल्ली | हमारे मठ
संसद के मानसून सत्र के दौरान शुक्रवार को भी विपक्ष का प्रदर्शन जारी रहा। विपक्षी सांसदों ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण और जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में संसद परिसर में तेज बारिश के बीच प्रदर्शन किया।
हंगामे के बीच लोकसभा ने सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विकास (MSME) संशोधन विधेयक, 2026 को ध्वनिमत से पारित कर दिया। लगातार शोर-शराबे के कारण लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।
राज्यसभा में विपक्षी सांसदों ने “अमित शाह सदन में आओ” के नारे लगाए। इस पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह सुबह से रात तक संसद में मौजूद रहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि “अमित शाह का नाम सुनते ही आतंकी कांप उठते हैं।”
इधर, शुक्रवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आवास पर करीब 45 नवनिर्वाचित लोकसभा सांसदों से नाश्ते पर मुलाकात की। बैठक में विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) के सांसद जगदीश बसुनिया ने बताया कि प्रधानमंत्री ने सभी सांसदों से कहा कि वे एनडीए परिवार का हिस्सा हैं और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए मिलकर काम करें।




