दतिया मेडिकल कॉलेज का स्टेनोग्राफर गिरफ्तार: ग्वालियर में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म का आरोप, 3 साल बाद शादी से मुकरा
2023 में युवती से हुई थी पहचान; शादी का भरोसा देकर संबंध बनाने का आरोप, इनकार और धमकी के बाद पुलिस ने दतिया से किया गिरफ्तार

ग्वालियर। ग्वालियर में शादी का झांसा देकर युवती का करीब तीन साल तक शारीरिक शोषण करने के आरोप में दतिया मेडिकल कॉलेज के स्टेनोग्राफर को बिजौली थाना पुलिस ने दतिया से गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी को ग्वालियर लेकर आई है और उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास भी किया, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। आरोपी की पहचान गंगापुर-बिलौआ निवासी परमार मिलन के रूप में हुई है।
2023 में हुई थी युवती से पहचान
पुलिस के अनुसार, बिजौली थाना क्षेत्र की रहने वाली 29 वर्षीय युवती की वर्ष 2023 में परमार मिलन से पहचान हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती के बाद मोबाइल पर बातचीत होने लगी।
युवती का आरोप है कि 27 मई 2023 को आरोपी उसे गांव के पास पहाड़ी पर ले गया। वहां शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद आरोपी उसे अलग-अलग जगहों और होटलों में ले गया और उसका शोषण करता रहा।
इसी दौरान आरोपी की नौकरी देवास कोर्ट में लग गई और वह वहां चला गया। करीब तीन महीने पहले उसकी नौकरी दतिया मेडिकल कॉलेज में स्टेनोग्राफर के पद पर लग गई थी। युवती के मुताबिक, नौकरी बदलने के बाद भी आरोपी शादी का भरोसा देता रहा।
शादी की तारीख पूछी तो वादे से मुकरा
पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई को युवती ने आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाया और शादी की तारीख बताने को कहा। आरोप है कि आरोपी ने पहले की तरह बहाने बनाकर बात टालने की कोशिश की। जब युवती ने शादी की अंतिम तारीख बताने के लिए कहा तो आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया।
युवती ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे धमकी भी दी कि यदि उसने यह बात किसी को बताई तो उसे जान से खत्म कर देगा। इसके बाद युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर मामला दर्ज किया गया।
दतिया में बना रखा था ठिकाना
एसडीओपी बेहट मनीष यादव के मुताबिक, मामला दर्ज होने के बाद बिजौली थाना प्रभारी सौरभ श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी की तलाश कर रही थी। पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी पिछले तीन दिनों से घर नहीं आ रहा है और दतिया में रह रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम दतिया पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर ग्वालियर ले आई।
पुलिस कर रही पूछताछ
एएसपी शिवेश बघेल ने बताया कि शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म के आरोप में आरोपी स्टेनोग्राफर को बिजौली थाना पुलिस ने दतिया से गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की आगे की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े तथ्यों और आरोपों की जांच की जा रही है।




