दिल्ली के तिलक नगर इलाके में बुधवार शाम 21 साल की एक मॉडल की उसके घर में घुसकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, वारदात के समय युवती घर में अकेली थी। उस पर चाकू से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मृतका की पहचान मुस्कान के रूप में हुई है। मामले में उसके परिचित और जिम ट्रेनर इमरान पर हत्या का आरोप लगाया गया है। वारदात के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है।
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज में एक संदिग्ध के भागने की जानकारी सामने आई है। जांच टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी घर तक कैसे पहुंचा और घटना के बाद किस रास्ते से फरार हुआ।
परिजन के बाहर जाने के दौरान हुई वारदात
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बुधवार को मुस्कान के परिजन घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान आरोपी उसके घर पहुंचा। आरोप है कि उसने युवती पर चाकू से हमला किया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
दोस्त ने लगाया परेशान करने का आरोप
मृतका के दोस्त के मुताबिक, मुस्कान पढ़ाई कर रही थी और पार्ट टाइम मॉडलिंग भी करती थी। दोस्त का दावा है कि आरोपी इमरान उसे लंबे समय से परेशान कर रहा था।
दोस्त के अनुसार, आरोपी मुस्कान का पीछा करता था और उससे शादी करने के लिए दबाव बना रहा था। मुस्कान कथित तौर पर उससे दूरी बनाना चाहती थी।
पुलिस कर रही आरोपी की तलाश
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। CCTV फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या थी।