मोहन भागवत के न्यूयॉर्क कार्यक्रम से पहले HAF का सुरक्षा अलर्ट: आयोजकों से सतर्क रहने की अपील, विरोध के बीच मेयर ममदानी से सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा
29 अगस्त को मेडिसन स्क्वायर गार्डन में ‘यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन’; HAF ने कहा- प्रदर्शनकारियों से टकराव से बचें, संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें

न्यूयॉर्क। RSS प्रमुख मोहन भागवत के 29 अगस्त को न्यूयॉर्क के मेडिसन स्क्वायर गार्डन में होने वाले ‘यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन’ कार्यक्रम से पहले हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन (HAF) ने सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। संगठन ने कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों से सतर्क रहने और किसी भी तरह के टकराव से बचने की अपील की है।
HAF ने कहा कि कार्यक्रम में आने वाले लोग आसपास की गतिविधियों पर नजर रखें और किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत सुरक्षा अधिकारियों या कानून प्रवर्तन एजेंसियों को दें। आपात स्थिति में 911 पर कॉल करने की सलाह भी दी गई है।
कार्यक्रम का विरोध कर रहे मेयर ममदानी समेत कई संगठन
भागवत के कार्यक्रम को लेकर न्यूयॉर्क में विरोध भी सामने आया है। न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी समेत कुछ इंटरफेथ और नागरिक अधिकार संगठनों ने कार्यक्रम का विरोध किया है।
HAF ने मेयर ममदानी से अपील की है कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों सहित सभी न्यूयॉर्कवासियों की सुरक्षा और नागरिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।
HAF ने कहा- प्रदर्शनकारियों से टकराव से बचें
HAF का आरोप है कि कुछ एक्टिविस्ट कार्यक्रम को बाधित करने और इसे रद्द कराने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, संगठन की सुरक्षा एडवाइजरी में किसी आतंकी या हिंसक खतरे की पुष्टि नहीं की गई है।
संगठन ने लोगों से प्रदर्शनकारियों के साथ बहस या टकराव से बचने और किसी भी अप्रिय स्थिति में कानून प्रवर्तन एजेंसियों की मदद लेने को कहा है।
मेडिसन स्क्वायर गार्डन में होगा कार्यक्रम
‘यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन’ का आयोजन अमेरिकन हिंदूज फॉर एंगेजमेंट एंड डायलॉग (AHEAD) फोरम कर रहा है। कार्यक्रम में मोहन भागवत का संबोधन भी प्रस्तावित है।
आयोजकों के अनुसार, रक्षाबंधन के मौके पर होने वाले इस कार्यक्रम में एकता, नागरिक जिम्मेदारी और वैश्विक सद्भाव का संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी और अलग-अलग धर्मों एवं समुदायों से जुड़े लोगों के शामिल होने की बात कही गई है।
RSS पर कार्रवाई की मांग कर चुका है USCIRF
भागवत के अमेरिका दौरे से पहले अमेरिकी अंतरराष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता आयोग (USCIRF) ने RSS पर प्रतिबंध लगाने की मांग की थी। आयोग ने अमेरिकी सरकार से RSS नेताओं को राजनयिक सुविधाएं नहीं देने और आधिकारिक मुलाकातों से बचने की सिफारिश भी की थी।
भारत ने USCIRF की टिप्पणियों को खारिज किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने आयोग को पक्षपाती संस्था बताते हुए कहा था कि वह लंबे समय से भारत के बारे में गलत और भड़काऊ बयान देता रहा है।
2018 में भी अमेरिका गए थे भागवत
मोहन भागवत इससे पहले सितंबर 2018 में अमेरिका गए थे। उस दौरान उन्होंने शिकागो में आयोजित वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस में हिस्सा लिया था। कार्यक्रम में करीब 60 देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया था और भागवत ने उद्घाटन सत्र को संबोधित किया था।




