Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
hisar

हरियाणा में मानसून सुस्त, हिसार सबसे गर्म; 1 सितंबर से बारिश के आसार

38.7°C के साथ हिसार प्रदेश में सबसे गर्म, 1 से 3 सितंबर के बीच बारिश से तापमान में गिरावट के आसार।

हरियाणा में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने से एक बार फिर तेज धूप और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। प्रदेश के 13 जिलों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि हिसार और भिवानी में पारा 37 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। शनिवार को हिसार 38.7°C के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जबकि भिवानी में अधिकतम तापमान 38°C रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार मानसून ट्रफ रेखा के हिमालय की तराई की ओर खिसकने से फिलहाल हरियाणा में मानसूनी गतिविधियां कमजोर हैं और 31 अगस्त तक मौसम मुख्य रूप से परिवर्तनशील व गर्म रहने की संभावना है। इस दौरान दिन का औसत तापमान सामान्य से करीब 1.7°C अधिक बना हुआ है। महेंद्रगढ़ में 36.9°C, रोहतक में 36.9°C, फरीदाबाद में 36.7°C, चरखी दादरी में 36.5°C, सिरसा में 36.4°C, नूंह में 36.3°C और पलवल में 36.2°C तापमान दर्ज किया गया। हालांकि मौसम में बदलाव के संकेत 1 सितंबर से दिखाई देने लगेंगे। मौसम विभाग के अनुसार 1 से 3 सितंबर के बीच हरियाणा के दक्षिणी, पूर्वी और मध्य हिस्सों में कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। 2 सितंबर को बारिश की गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है, जिसके चलते तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। रात के तापमान की बात करें तो भिवानी 24.5°C के साथ सबसे ठंडा रहा, जबकि अंबाला में न्यूनतम तापमान 28.5°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.8°C अधिक है। हिसार में रात का तापमान 26.2°C रहा। फिलहाल मानसून की सुस्ती के कारण गर्मी और उमस का असर बना हुआ है, लेकिन सितंबर की शुरुआत में बारिश होने से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!