बोकारो में पोस्टेड DSP पर पत्नी से मारपीट का केस, 10 दिन कमरे में बंद रखने का आरोप
मायके से पैसे लाने का दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप, रांची पहुंचकर पत्नी ने दर्ज कराई FIR

बोकारो कंपोजिट कंट्रोल रूम (CCR) में तैनात DSP राम प्रवेश कुमार के खिलाफ उनकी पत्नी ने प्रताड़ित करने, मारपीट करने और मायके से पैसे लाने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पत्नी की शिकायत पर मंगलवार को सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। शिकायत के मुताबिक, 11 मार्च 2026 को राम प्रवेश कुमार से शादी होने के कुछ समय बाद ही पति कथित तौर पर मायके से पैसे लाने के लिए उसे परेशान करने लगा। पीड़िता का आरोप है कि उसने बातचीत के जरिए पति को समझाने की कई बार कोशिश की, लेकिन व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया और पैसे नहीं लाने पर उसके साथ मारपीट की जाने लगी। महिला ने पुलिस को बताया कि पिछले करीब 10 दिनों से उसे घर के एक कमरे में कथित तौर पर बंद करके रखा गया था और इसी दौरान उसके साथ बेरहमी से मारपीट की जाती थी। महिला के अनुसार, मारपीट के कारण वह घायल हो गई और उसे इलाज के लिए रांची के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि पति ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया था, ताकि वह मायके वालों को घटना की जानकारी न दे सके। शिकायत के मुताबिक, जब भी पति घर से बाहर जाता था तो उसे कमरे में बंद कर देता था और उसे बाहर निकलने का मौका नहीं मिलता था। महिला का आरोप है कि मायके से पैसे नहीं लाने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी। 31 अगस्त को पीड़िता ने मायके से पैसे लाने के बहाने पति को विश्वास में लिया और बोकारो स्थित घर से रांची के लिए निकल गई। आरोप है कि घर से निकलते समय भी पति ने धमकी दी कि यदि वह बिना पैसे लिए वापस लौटी तो उसे जान से मार देगा। रांची के कोकर स्थित मायके पहुंचने के बाद महिला ने अपने माता-पिता को पूरी घटना बताई। परिजनों ने उसके शरीर पर चोट के निशान देखे और उसे लेकर सदर थाने पहुंचे, जहां शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने DSP की पत्नी की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में सामने आए आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जाएगी तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। वहीं, पत्नी द्वारा लगाए गए आरोपों पर DSP राम प्रवेश कुमार का पक्ष जानने के लिए उनसे संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों, शिकायत में लगाए गए आरोपों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।




