Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
haryana

रतिया में गैंगवार के चलते युवक को डंडों से पीटा, हालत गंभीर

पुरानी रंजिश में रास्ता रोककर हमला करने का आरोप; रहम की भीख मांगता रहा घायल, पुलिस ने बयान दर्ज करने के लिए टीम अग्रोहा भेजी

फतेहाबाद के रतिया स्थित रामनगर क्षेत्र में वर्चस्व और पुरानी रंजिश को लेकर गैंगवार का मामला सामने आया है, जहां एक युवक को रास्ते में घेरकर बदमाशों ने डंडों और सीमेंट ब्लॉक से बेरहमी से पीट दिया। हमले में रामनगर निवासी रंजीत सिंह उर्फ टुन्ना गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। आरोप है कि रंजीत पर शिकारी और तिलक गैंग से जुड़े बदमाशों ने हमला किया। बताया जा रहा है कि रंजीत काफी समय से रतिया से बाहर रह रहा था और दो-तीन दिन पहले ही घर लौटा था। बीती रात वह अपने एक परिचित से मिलकर वापस घर लौट रहा था, तभी पहले से घात लगाए हमलावरों ने रास्ता रोककर उसे घेर लिया और घसीट-घसीटकर डंडों से पीटना शुरू कर दिया। हमले के दौरान युवक लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया और बदमाशों से रहम की भीख मांगता रहा। आरोप यह भी है कि हमलावरों ने उसे शिकारी गैंग जिंदाबाद बोलने के लिए मजबूर किया और ऐसा कहने के बाद ही उसे छोड़ा। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक प्राइवेट इंस्टाग्राम आईडी से धमकी भरा वीडियो पोस्ट किए जाने की भी बात सामने आई है, हालांकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो पाई है। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त और मुस्तैदी पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि वारदात के समय डायल 112 पर सूचना देने के बावजूद पुलिस टीम मौके पर देर से पहुंची। पुलिस प्रवक्ता विनोद कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले का संज्ञान लिया गया है और रतिया पुलिस की टीम घायल के बयान दर्ज करने के लिए अग्रोहा पहुंच चुकी है। पुलिस के अनुसार घायल के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!