Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
haryanahisar

हरियाणा में मानसून पर सितंबर तक ब्रेक, मोरनी में लैंडस्लाइड; कालका-शिमला ट्रैक पर गिरा मलबा

अगले सप्ताह मानसूनी गतिविधियां कमजोर रहने का अनुमान, सितंबर के पहले सप्ताह में फिर सक्रिय हो सकता है मानसून; कई जिलों में बारिश से जलभराव और भूस्खलन की स्थिति

हिसार। हरियाणा में मानसूनी गतिविधियां अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आने वाली मानसूनी हवाओं की रफ्तार कम होने के चलते अगले सप्ताह प्रदेश में भारी बारिश की संभावना कम है। करीब एक सप्ताह तक मानसून कमजोर रहने के बाद सितंबर के पहले सप्ताह में इसके फिर सक्रिय होने की संभावना जताई गई है।

अगस्त में अब तक हरियाणा में 257.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से करीब 14 फीसदी कम है। हालांकि पिछले 24 घंटे के दौरान कई जिलों में तेज बारिश हुई।

कुरुक्षेत्र में सबसे ज्यादा बारिश

19 अगस्त को कुरुक्षेत्र में सबसे अधिक 84.5 MM बारिश दर्ज की गई। पंचकूला में 67.5 MM, यमुनानगर में 60 MM, फतेहाबाद में 32 MM और सोनीपत में 29.5 MM बारिश हुई।

अंबाला की 10 कॉलोनियों में घुसा पानी

पहाड़ी क्षेत्रों में हुई भारी बारिश के बाद अंबाला कैंट में टांगरी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। मंगलवार रात करीब 11:30 बजे जलस्तर 27,720 क्यूसेक तक पहुंच गया, जिसके चलते आसपास की करीब 10 कॉलोनियों में तीन फीट तक पानी भर गया। प्रशासन की ओर से पहले ही अलर्ट जारी किए जाने के कारण लोग सतर्क रहे। बुधवार सुबह पानी कम होना शुरू हो गया।

मोरनी में लैंडस्लाइड, मकानों पर खतरा

पंचकूला के मोरनी हिल्स क्षेत्र में भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ। इससे कई मकानों पर खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है। वहीं पंचकूला में घग्गर नदी भी उफान पर रही।

सोनीपत में करंट लगने से युवक की मौत

सोनीपत के कबीरपुर में बारिश के कारण एक मकान में करंट उतर आया। बुधवार सुबह 30 वर्षीय आकाश लोहे की सीढ़ियों से छत पर जा रहा था, तभी वह करंट की चपेट में आ गया। उसे बचाने की कोशिश में परिवार के अन्य सदस्यों को भी बिजली के झटके लगे। हादसे में आकाश की मौत हो गई।

पानीपत और फरीदाबाद में जलभराव

तेज बारिश के कारण पानीपत और फरीदाबाद के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी। प्रमुख सड़कों और निचले क्षेत्रों में पानी भरने से सुबह के समय वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

कालका-शिमला ट्रैक पर मलबा गिरा

कालका-शिमला रेलखंड पर बुधवार दोपहर करीब 3:15 बजे गुम्मन और कोटी स्टेशन के बीच पहाड़ी से भारी मलबा रेलवे ट्रैक पर आ गिरा। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए ट्रेन संख्या 52458 कालका-शिमला एक्सप्रेस को कोटी स्टेशन पर रोक दिया गया। ट्रेन में करीब 172 यात्री सवार थे। यात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए रेलवे ने स्थानीय सेना अधिकारियों से भी मदद मांगी।

हिसार 37 डिग्री के साथ सबसे गर्म

बारिश के बावजूद प्रदेश के कुछ हिस्सों में तापमान बढ़ा रहा। हिसार में अधिकतम तापमान 37°C दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। नारनौल में 36.5°C, रोहतक में 36.2°C और भिवानी में 36°C तापमान रहा।

बारिश वाले क्षेत्रों में कुरुक्षेत्र का अधिकतम तापमान 32.5°C और गुरुग्राम का 33°C रहा।

गुरुग्राम में सबसे ठंडी रात

प्रदेश में न्यूनतम तापमान में औसतन 0.3°C की गिरावट दर्ज की गई। गुरुग्राम में रात का न्यूनतम तापमान 22°C रहा, जो सामान्य से 3.8°C कम था। चंडीगढ़ में 23.2°C, नूंह और नारनौल में 24.5°C तथा पंचकूला में 25.1°C न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

वहीं सिरसा में रात का तापमान 27.7°C रहा, जो प्रदेश में सबसे अधिक था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!