चंडीगढ़ में बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों का प्रदर्शन, हड़ताल से कामकाज प्रभावित
सेक्टर-17 बैंक स्क्वायर में UFBU के बैनर तले प्रदर्शन; मार्च 2024 के समझौते के बावजूद 5 दिवसीय कार्य सप्ताह लागू न होने पर जताया रोष

चंडीगढ़ में शुक्रवार को बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों की देशव्यापी हड़ताल का व्यापक असर देखने को मिला। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (UFBU) के आह्वान पर विभिन्न बैंकों के कर्मचारी और अधिकारी सेक्टर-17 स्थित बैंक स्क्वायर में एकत्र हुए और अपनी लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। हड़ताल के कारण कई स्थानों पर बैंकिंग सेवाओं का सामान्य कामकाज प्रभावित रहा। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों की प्रमुख मांग बैंकिंग उद्योग में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करना है। यूनियन नेताओं के अनुसार मार्च 2024 में इंडियन बैंक्स एसोसिएशन और बैंक यूनियनों के बीच इस संबंध में समझौता हुआ था, लेकिन समझौते के बाद भी अब तक इसे लागू नहीं किया गया। कर्मचारियों का कहना है कि वे किसी नई रियायत की मांग नहीं कर रहे, बल्कि पहले से हुए समझौते को लागू करने की मांग कर रहे हैं। यूनियन नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार के कार्यालयों में वर्ष 1985 से पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू है, जबकि कई राज्य सरकारों के कार्यालयों, न्यायालयों, आयकर विभाग, RBI, LIC और शेयर बाजार में भी पांच दिन काम की व्यवस्था है। बैंक कर्मचारी डिजिटल बैंकिंग, ATM, UPI और इंटरनेट बैंकिंग के जरिए सप्ताह के सातों दिन ग्राहकों को सेवाएं उपलब्ध कराते हैं, इसके बावजूद बैंक कर्मचारियों को सप्ताह में छह दिन काम करना पड़ता है। यूनियनों का कहना है कि मार्च 2024 के समझौते के तहत शनिवार की छुट्टी के बदले प्रत्येक कार्यदिवस में बैंकिंग और कामकाज का समय 40 मिनट बढ़ाने पर भी सहमति बनी थी, ताकि ग्राहकों को मिलने वाले कुल बैंकिंग समय में कमी न आए। इसके बावजूद व्यवस्था लागू नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ी है। प्रदर्शन के दौरान UFBU ने PLI व्यवस्था को लेकर भी आपत्ति जताई और मांग की कि इसमें किसी भी बदलाव या क्रियान्वयन से पहले यूनियनों और एसोसिएशनों के साथ द्विपक्षीय बातचीत की जाए। यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। UFBU ने 28, 29 और 30 सितंबर 2026 को तीन दिवसीय अखिल भारतीय हड़ताल का कार्यक्रम घोषित किया है, जबकि इसके बाद भी समाधान नहीं होने पर 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी गई है। चंडीगढ़ के प्रदर्शन में कई UFBU नेताओं और बड़ी संख्या में बैंक कर्मचारी व अधिकारी मौजूद रहे।




