रील्स देखने से रोका तो घर से भागा 8 साल का बच्चा: चंडीगढ़ से ट्रेन में बैठकर ग्वालियर पहुंचा, TTE ने RPF को दी सूचना
“रील्स देखने से डांटने पर नाराज होकर 11 सितंबर से घर से लापता था बच्चा; चंडीगढ़-इंदौर एक्सप्रेस में अकेले सफर करते मिला, RPF ने चाइल्ड हेल्पलाइन को सौंपा

ग्वालियर। चंडीगढ़ में रील्स देखने से रोके जाने पर नाराज 8 साल का बच्चा घर से बिना बताए निकल गया और अकेले ट्रेन में बैठकर ग्वालियर पहुंच गया। बच्चा चंडीगढ़-इंदौर एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में अकेले सफर करता मिला।
ट्रेन में चेकिंग के दौरान TTE की नजर बच्चे पर पड़ी। उसके अकेले सफर करने पर TTE ने तत्काल रेलवे सुरक्षा बल (RPF) कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद ग्वालियर स्टेशन पर RPF टीम ने बच्चे को सुरक्षित ट्रेन से उतारा और RPF पोस्ट लेकर गई।
TTE ने बच्चे को अकेले सफर करते देखा
ट्रेन नंबर 19308 चंडीगढ़-इंदौर एक्सप्रेस में चेकिंग के दौरान TTE ने 8 साल के बच्चे को अकेले सफर करते देखा। बच्चे के साथ कोई अभिभावक नहीं था।
TTE ने मामले की गंभीरता को देखते हुए RPF कंट्रोल रूम को जानकारी दी। रविवार तड़के करीब 3:05 बजे RPF टीम ग्वालियर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर पहुंची और बच्चे को ट्रेन से उतारकर सुरक्षित RPF पोस्ट ले गई।
रील्स देखने से रोका तो घर से निकल गया
RPF की पूछताछ में बच्चे ने बताया कि घर पर उसे रील्स देखने को लेकर डांटा गया था। इससे नाराज होकर वह बिना किसी को बताए घर से निकल गया और ट्रेन में बैठ गया।
बच्चे ने पुलिस को अपने घर का मोबाइल नंबर भी बताया, जिसके आधार पर RPF ने उसके परिवार से संपर्क करने की कोशिश शुरू की।
11 सितंबर की दोपहर से लापता था बच्चा
RPF अधिकारियों ने बच्चे द्वारा बताए गए मोबाइल नंबर पर उसकी मां से संपर्क किया। मां ने बताया कि बच्चा 11 सितंबर की दोपहर से लापता था।
परिजनों ने चंडीगढ़ में बच्चे की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। परिवार उसकी तलाश कर रहा था। ग्वालियर RPF की सूचना मिलने के बाद परिजनों को बच्चे के सुरक्षित मिलने की जानकारी दी गई।
RPF ने चाइल्ड हेल्पलाइन को सौंपा
बच्चे की पहचान और जरूरी कागजी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद RPF ने उसे सुरक्षित चाइल्ड हेल्पलाइन के सुपुर्द कर दिया। बच्चे की काउंसलिंग भी कराई गई।
रविवार को बच्चे के परिजन ग्वालियर पहुंचे। जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्चे को परिजनों के साथ घर भेजे जाने की कार्रवाई की जाएगी।
TTE की सतर्कता से सुरक्षित मिला बच्चा
RPF के अनुसार, ट्रेन में अकेले बच्चे को देखकर TTE ने तुरंत सूचना दी, जिसके बाद समय रहते कार्रवाई की गई। RPF टीम ने बच्चे को सुरक्षित ट्रेन से उतारकर उसकी देखभाल की और परिवार से संपर्क कराया।
रेलवे सुरक्षा बल ने लोगों से अपील की है कि बच्चों के अकेले घर से निकलने या यात्रा करने जैसी स्थिति में तुरंत पुलिस अथवा संबंधित हेल्पलाइन को सूचना दें।



