भास्कर अपडेट्स: रियासी में मिनीबस पलटी, 2 की मौत; दिल्ली फैक्ट्री में आग से 6 घायल, देशभर से 10 बड़ी खबरें
रियासी में मिनीबस हादसे में 2 की मौत, दिल्ली फैक्ट्री में आग से 6 घायल; ठाणे में ₹34 करोड़ की हेरोइन और बेंगलुरु में नकली कैंसर दवाओं का खुलासा

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के रियासी में सोमवार को एक यात्री मिनीबस हादसे का शिकार हो गई। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हुए हैं। इसके अलावा हैदराबाद-बेंगलुरु हाईवे पर तेज रफ्तार बस होटल में जा घुसी, दिल्ली में फैक्ट्री में आग लगने के बाद 6 लोग इमारत से कूदकर घायल हो गए और महाराष्ट्र में 34.18 करोड़ रुपए की हेरोइन बरामद की गई।
देशभर से सामने आईं दिनभर की प्रमुख खबरों में नकली कैंसर दवाओं की सप्लाई, मकान ढहने, मराठा आरक्षण और नकली शराब बनाने की यूनिट का भंडाफोड़ भी शामिल है।
रियासी में मिनीबस पलटी, 2 की मौत और 5 घायल
जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में सोमवार को रियासी-बकल मार्ग पर बटलगला सुरंग के पास एक यात्री मिनीबस पलट गई। हादसे में 2 लोगों की मौत हुई, जबकि 5 अन्य घायल हो गए।
घायलों को रियासी जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. करमवीर सिंह के मुताबिक, कुल 7 लोगों को अस्पताल लाया गया था। इनमें 2 को मृत अवस्था में लाया गया, 2 गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया, जबकि 3 का स्थानीय स्तर पर इलाज चल रहा है।
हैदराबाद-बेंगलुरु हाईवे पर होटल में घुसी बस, 1 की मौत
तेलंगाना के रंगारेड्डी में सोमवार सुबह एक निजी बस शमशाबाद के पास हाईवे किनारे खड़े वाहनों और एक होटल से टकरा गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर से 5-6 वाहन क्षतिग्रस्त हुए और होटल का बड़ा हिस्सा टूट गया। एक बच्चे के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दिल्ली की फैक्ट्री में आग, इमारत से कूदे 6 लोग घायल
दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में रविवार को जूडो ड्रेस और बॉक्सिंग ग्लव्स बनाने वाली एक फैक्ट्री में आग लग गई। आग ग्राउंड और पहली मंजिल पर लगी थी।
फैक्ट्री के अंदर उस समय कोई नहीं था, लेकिन पास की इमारत में रहने वाले लोग आग देखकर घबरा गए। इनमें से 6 लोग, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे, इमारत से नीचे कूद गए। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
दिल्ली फायर सर्विस को सुबह 11:05 बजे आग की सूचना मिली थी। इसके बाद 15 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। पुलिस आग लगने के कारण और नुकसान की जांच कर रही है।
केरलम में युवक को बांधकर पीटा, ICU में भर्ती
केरलम के अलुवा रेलवे स्टेशन के पास रविवार सुबह 28 वर्षीय युवक से लूटपाट के दौरान बेरहमी से मारपीट की गई। पुलिस के मुताबिक, दो आरोपियों ने पहले युवक के सिर पर पत्थर मारा। इसके बाद उसके हाथ-पैर रस्सी से बांधकर उसे पास की नहर में फेंक दिया।
एफआईआर के अनुसार, आरोपियों ने जमीन पर पड़े युवक की पसलियों पर ग्रेनाइट के पत्थर से कई बार वार किया। इससे उसकी दाईं तरफ की तीन पसलियां टूट गईं और दायां हाथ भी फ्रैक्चर हो गया।
आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देकर युवक के बैग से 1,000 रुपए और गले की चेन लूट ली। घायल युवक का निजी अस्पताल के ICU में इलाज चल रहा है। पुलिस CCTV फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश कर रही है।
ठाणे में 34.18 करोड़ की हेरोइन जब्त, 5 पर मकोका का केस
महाराष्ट्र के ठाणे में पुलिस ने 34.18 करोड़ रुपए की 9.8 किलो हेरोइन जब्ती के मामले में सरगना अमजद यूसुफ पठान और उसके 4 साथियों के खिलाफ मकोका का केस दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, पठान के खिलाफ महाराष्ट्र, राजस्थान और मध्य प्रदेश में हत्या, दंगे और ड्रग्स तस्करी से जुड़े 20 मामले दर्ज हैं। वहीं केरल पुलिस ने उत्तर प्रदेश के नोएडा से MDMA ड्रग सप्लायर अजमल और उसकी साथी सूर्या को गिरफ्तार किया है।
बेंगलुरु में 90 अस्पतालों को नकली कैंसर दवाएं सप्लाई करने का आरोप
कर्नाटक पुलिस की SIT और ड्रग्स कंट्रोल डिपार्टमेंट ने ‘कृपा हेल्थकेयर’ मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर कथित फर्जी दवा रैकेट का खुलासा किया है। पुलिस ने दुकान मालिक वीरेश कुमार जैन को गिरफ्तार किया है।
आरोप है कि इस नेटवर्क के जरिए बेंगलुरु के 90 से अधिक अस्पतालों और क्लिनिकों को 50% डिस्काउंट पर नकली कैंसर, ICU और जीवनरक्षक दवाएं सप्लाई की जाती थीं। रैकेट में 15 से ज्यादा मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के शामिल होने की बात सामने आई है। इसके तार हरियाणा, तमिलनाडु और महाराष्ट्र से जुड़े बताए गए हैं।
अहमदाबाद में दो मंजिला मकान ढहा, 1 की मौत और 3 घायल
अहमदाबाद के खाड़िया इलाके में रविवार शाम एक पुराना दो मंजिला मकान अचानक ढह गया। हादसे में मलबे में दबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं।
फायर विभाग के अधिकारी के मुताबिक, घटना संकरी गली में हुई। मकान गिरने के बाद चार लोग मलबे में फंस गए थे। सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
जरांगे पाटिल ने दी 19 सितंबर से आमरण अनशन की चेतावनी
मराठा आरक्षण की मांग को लेकर कार्यकर्ता मनोज जरांगे पाटिल ने महाराष्ट्र सरकार को आठ दिन का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने रविवार को कहा कि यदि इस अवधि में मराठा समुदाय की आरक्षण संबंधी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो वे 19 सितंबर को मुंबई के आजाद मैदान में आमरण अनशन शुरू करेंगे।
जालना में मीडिया से बातचीत में जरांगे पाटिल ने कहा कि सरकार के पास अब आठ दिन का समय है। उन्होंने 19 सितंबर को सुबह 10 बजे से आजाद मैदान में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी।
भावनगर में नकली शराब बनाने की यूनिट पकड़ी, रेलवे कर्मचारी समेत 3 गिरफ्तार
गुजरात के भावनगर जिले में पुलिस ने कथित तौर पर नकली विदेशी शराब बनाने वाली यूनिट का भंडाफोड़ किया है। मामले में रेलवे कर्मचारी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, स्थानीय अपराध शाखा को मिली सूचना के आधार पर बोर तलाव थाना क्षेत्र की रेलवे कॉलोनी में छापेमारी की गई। इस दौरान अक्षयराजसिंह गोहिल, विजय मकवाना और जितेंद्र नवाडिया को गिरफ्तार किया गया।
उप पुलिस अधीक्षक आरआर सिंघल ने बताया कि आरोपियों में अक्षयराजसिंह गोहिल रेलवे कर्मचारी है। मौके से विदेशी शराब की बोतलें, बोतलों पर लगाने वाले स्टिकर और ढक्कन लगाने वाली मशीनें जब्त की गई हैं।




