Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
देश

भास्कर अपडेट्स: अमृत ग्रुप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में ED की छापेमारी, 17 ठिकानों पर कार्रवाई

ED की अमृत ग्रुप से जुड़े मामले में 17 ठिकानों पर छापेमारी; कोलकाता चोरी केस में 7 गिरफ्तार, दिल्ली में छात्र गुटों की झड़प और कनॉट प्लेस में खंभा गिरने से 2 घायल

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश में 17 ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई अमृत ग्रुप ऑफ कंपनीज से जुड़े निदेशकों और प्रमोटरों के घरों और दफ्तरों में की गई। कोलकाता और इंदौर में हुई कार्रवाई के दौरान दस्तावेजों और अन्य सामग्री की जांच की गई।

ED के मुताबिक, अमृत ग्रुप और उसके निदेशकों पर ज्यादा रिटर्न का वादा कर जमा योजनाओं के जरिए लोगों से बड़ी रकम जुटाने और बाद में रकम वापस नहीं करने के आरोप हैं। एजेंसी ने PMLA के तहत पैसों के लेन-देन, कंपनी रिकॉर्ड और संदिग्ध संपत्तियों से जुड़े पहलुओं की जांच की।

कार्रवाई में केसी दुजारी, काली किशोर बागची समेत अन्य लोगों से जुड़े ठिकानों को शामिल किए जाने की जानकारी सामने आई है।

करया चोरी केस में 7 आरोपी गिरफ्तार, सोना-चांदी और कैश बरामद

कोलकाता पुलिस ने करया इलाके के एक फ्लैट में हुई चोरी के मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 6 महिलाएं शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर की शाम फ्लैट से करीब 60-70 लाख रुपए के सोने-चांदी के गहने, 15 विदेशी घड़ियां और 85 हजार रुपए नकद चोरी किए गए थे।

पुलिस ने 3 और 4 सितंबर को 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद तिलजला इलाके में अलग-अलग स्थानों से अब तक 200 ग्राम सोने के गहने, 500 ग्राम चांदी के गहने और 24,500 रुपए नकद बरामद किए गए हैं। चोरी के बाकी सामान और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

सत्यवती कॉलेज के छात्रों के दो गुटों में झड़प, दो गाड़ियों में तोड़फोड़

दिल्ली के भारत नगर इलाके में मंगलवार को दिल्ली यूनिवर्सिटी के सत्यवती कॉलेज के दो छात्र गुटों के बीच झड़प हो गई। घटना वजीरपुर गांव के पास हुई, जहां दो गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई।

पुलिस के मुताबिक, झड़प में सत्यवती कॉलेज के अंश और भविष्य चौधरी शामिल थे। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। क्राइम टीम और FSL टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने बताया कि MLC रिपोर्ट और शुरुआती जांच के आधार पर कानून के मुताबिक आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हैदराबाद के प्ले स्कूल में आग, कोई हताहत नहीं

हैदराबाद के आईएस सदन इलाके में बुधवार को एक प्ले स्कूल में आग लग गई। सूचना मिलने के बाद दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया।

अधिकारियों के अनुसार, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने की वजह का अभी पता नहीं चल सका है।

कनॉट प्लेस में ट्रैफिक सिग्नल का खंभा गिरा, दो घायल

दिल्ली के कनॉट प्लेस में मंगलवार को आउटर सर्किल पर लगा ट्रैफिक सिग्नल का खंभा अचानक सड़क पर गिर गया। इसकी चपेट में एक ऑटो और स्कूटी सवार आ गए।

हादसे में स्कूटी सवार युवक और ऑटो में बैठा एक बच्चा घायल हो गया। घटना मिंटो ब्रिज के पास हुई।

स्थानीय लोगों ने खंभे में जंग लगने की बात कही है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह अधिकारियों की जांच के बाद स्पष्ट होगी।

तमिलनाडु में आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में DMK नेताओं पर केस

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में पुलिस ने DMK नेता ए. राजा और पूर्व मंत्री पीके शेखर बाबू के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

वहीं, मुख्यमंत्री का डीपफेक वीडियो बनाने के मामले में राजस्थान के शायाबू खान को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, वीडियो में मुख्यमंत्री को कैश मदद लेने के लिए कहते हुए दिखाया गया था।

दिल्ली में 10 हजार छात्रों के लिए हॉस्टल बनाने का ऐलान

दिल्ली सरकार राजधानी में करीब 10 हजार कॉलेज और यूनिवर्सिटी छात्रों के लिए हॉस्टल बनाने की योजना पर काम करेगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि दूसरे राज्यों से दिल्ली पढ़ने आने वाले छात्रों के लिए सुरक्षित और किफायती आवास की जरूरत को देखते हुए यह पहल की जा रही है।

उन्होंने बताया कि अलग-अलग सरकारी विभाग हॉस्टल का निर्माण करेंगे और जरूरत के अनुसार जमीन भी उपलब्ध कराई जाएगी। निर्माण और रखरखाव में तेजी लाने के लिए पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर भी विचार किया जा रहा है।

हमारे मठ | RNI NO. HARHIN/2023/90591

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!