Welcome to भगवा हिन्दुस्तान   Click to listen highlighted text! Welcome to भगवा हिन्दुस्तान
मध्य प्रदेश

40 साल से रह रहे, अब मिलेगा जमीन का हक: इंदौर में 30 हजार लोगों को स्वामित्व के पट्टे; 17 सितंबर को नितिन नवीन करेंगे शुरुआत

इंदौर और आसपास के करीब 30 हजार लोगों को स्वामित्व के पट्टे देने की तैयारी; 17 सितंबर को नितिन नवीन करेंगे कार्यक्रम का शुभारंभ, 50 हजार से ज्यादा लोगों के पहुंचने की संभावना

इंदौर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 17 सितंबर को इंदौर पहुंचेंगे। उनका मुख्य कार्यक्रम सुपर कॉरिडोर मैदान में आयोजित किया जाएगा। यहां वे स्वामित्व योजना से जुड़े कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद मध्य प्रदेश के अपने पहले दौरे में नितिन नवीन के स्वागत के लिए कोई बड़ी रैली या शोभायात्रा आयोजित नहीं की जाएगी। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक उनका दौरा सीमित समय का रहेगा और वे मुख्य रूप से सरकारी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

30 हजार लोगों को दिए जाएंगे स्वामित्व के पट्टे

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के मुताबिक स्वामित्व योजना के तहत ऐसे लोगों को जमीन और मकान का अधिकार देने की प्रक्रिया की जा रही है, जो वर्षों से किसी स्थान पर रह रहे हैं लेकिन उनके पास जमीन का वैध दस्तावेज या पट्टा नहीं है।

इंदौर और आसपास के क्षेत्रों के करीब 30 हजार लोगों को स्वामित्व के पट्टे दिए जाने की तैयारी है। योजना के तहत जिस जगह पर व्यक्ति लंबे समय से रह रहा है, उसी जगह पर उसे स्वामित्व का अधिकार देने का प्रयास किया जा रहा है।

विजयवर्गीय ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई परिवारों ने बताया था कि वे 40-40 वर्षों से अपनी जगह पर रह रहे हैं, लेकिन उनके पास जमीन का अधिकार या पट्टा नहीं है। इसके बाद स्वामित्व योजना को आगे बढ़ाया गया।

प्रधानमंत्री आवास योजना का भी किया जिक्र

मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से गरीब परिवारों के लिए चार करोड़ से अधिक मकान बनाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि लंबे समय से जमीन पर रहने वाले लोगों के पास दस्तावेज नहीं होने की समस्या को दूर करने के लिए स्वामित्व योजना के तहत अधिकार देने का प्रयास किया जा रहा है।

स्वागत रैली नहीं, सीधे सरकारी कार्यक्रम में शामिल होंगे

विजयवर्गीय के मुताबिक नितिन नवीन के इंदौर दौरे के दौरान उनके स्वागत में कोई बड़ी रैली या शोभायात्रा नहीं होगी।

उनका कार्यक्रम सीमित समय का है। इसी दिन उनके उज्जैन और नीमच जाने की भी जानकारी दी गई है। हालांकि उनका विस्तृत आधिकारिक कार्यक्रम अभी जिला प्रशासन को प्राप्त नहीं होने की बात कही गई है।

50 हजार से ज्यादा लोगों के पहुंचने की तैयारी

कार्यक्रम में 50 हजार से ज्यादा लोगों के शामिल होने की संभावना बताई गई है। इनमें करीब 30 हजार लाभार्थी आसपास के गांवों से आने वाले हैं।

इंदौर जिला प्रशासन ने कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी हैं। कार्यक्रम स्थल, रूट, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

अधिकृत कार्यक्रम और रूट प्लान मिलने के बाद सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जाएगा। कार्यक्रम स्थल और रूट पर पर्याप्त पुलिस बल तथा CCTV कैमरों की व्यवस्था की जाएगी।

लाभार्थियों के लिए करीब 2 हजार बसों की तैयारी

लाभार्थियों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने में परेशानी न हो, इसके लिए करीब 2 हजार बसों की व्यवस्था किए जाने की जानकारी दी गई है।

बारिश को देखते हुए भी कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रशासन का फोकस बड़ी संख्या में आने वाले लाभार्थियों की आवाजाही, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था को व्यवस्थित रखने पर रहेगा।

हमारे मठ | RNI NO. HARHIN/2023/90591

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!